Video: 'गांधी के पास कोई डिग्री नहीं थी', उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के इस बयान की सच्चाई यहां देखिए

Video: 'गांधी के पास कोई डिग्री नहीं थी', उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के इस बयान की सच्चाई यहां देखिए

ग्वालियर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि यह भ्रांति है कि महात्मा गांधी के पास कानून की डिग्री थी। उनके पास एक भी विश्वविद्यालय की डिग्री नहीं थी? उनकी एकमात्र योग्यता हाई स्कूल डिप्लोमा थी। उन्होंने कानून का अभ्यास करने की योग्यता प्राप्त की। उसके पास कोई डिग्री नहीं थी लेकिन वह कितने शिक्षित थे? बता दें कि कुछ समय पहले नरेंद्र मोदी की डिग्री को लेकर सवाल उठे थे, फिर स्मृति ईरानी की डिग्री सवालों के घेरे में थी। डिग्री के संशय के दौर में अब बारी महात्मा गांधी की है।

गौरतलब है कि Mkgandhi.org के मुताबिक़, गांधी ने यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन (UCL) से 3 सालों में क़ानून की डिग्री सफलतापूर्वक पूरी की थी। मोहनदास करमचंद गांधी अप्रैल 1893 में साउथ अफ़्रीका चले गए थे। 21 बरस वहीं रहे। अन्याय और वर्ग भेद के खिलाफ लड़ाई लड़ी। वक़ील तो थे ही, नेता भी बन गए। फिर 1915 में भारत वापस आ गए और भारत के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया।

23 मार्च को शहीद दिवस होता है। भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू को फांसी और अवतार सिंह संधु 'पाश' की हत्या के साथ डॉ राम मनोहर लोहिया का जन्मदिन भी पड़ता है। इसी मौक़े पर मनोज सिन्हा ने ग्वालियर की ITM यूनिवर्सिटी में भाषण दिया। लोहिया के बारे में अच्छी बातें कीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता और दार्शनिक के तौर पर डॉ. लोहिया ने बराबरी, मानवीय गरिमा और सामाजिक न्याय के लिए अथक प्रयास किए और आम आदमी को नई उम्मीद दी थी।

लोहिया से होते हुए बात गांधी तक पहुंची। गांधी के बारे में भी उपराज्यपाल ने अच्छी-अच्छी बातें कीं। उन्होंने कहा, जितनी चुनौतियां आईं, जितनी परिक्षाएं आईं, उन्होंने सत्य कभी नहीं त्यागा और महात्मा गांधी ने अंतरध्वनि को पहचान लिया। परिणाम हुआ कि राष्ट्रपिता हो गए। एक और चीज़ मैं आपसे कहना चाहता हूं। शायद कम लोगों को मालूम हो। देश के कई पढ़े-लिखे लोगों को भी भ्रांति है कि गांधी जी के पास लॉ डिग्री थी। गांधी जी के पास कोई डिग्री नहीं थी। मंच पर बैठे हुए कुछ लोग भी इस बात का प्रतिकार करेंगे, लेकिन मैं तथ्यों के साथ आगे बात करूंगा।

आगे उन्होंने अपनी बात के पीछे लॉजिक दिया। कहा, कौन कहेगा कि गांधी जी शिक्षित-प्रशिक्षित नहीं थे? लेकिन क्या आपको पता है कि उनके पास कोई यूनिवर्सिटी डिग्री या क्वॉलिफ़िकेशन नहीं थे। उनके पास बस एक हाई-स्कूल डिप्लोमा था। लॉ प्रैक्टिस करने के लिए उन्होंने क्वॉलिफ़ाई किया था, मगर उनके पास कोई लॉ डिग्री नहीं थी।

ये भी पढ़ें- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बड़ा झटका, संसद सदस्यता खत्म...मानहानि केस में 2 साल की सजा के बाद LS स्पीकर का फैसला