Chitrakoot News : मोटा अनाज खाने से नहीं होती हैं जानलेवा बीमारियां, ईट राइट मिलेट्स मेले में किया गया जागरूक
चित्रकूट में ईट राइट मिलेट्स मेले में किया जागरूक।
चित्रकूट में ईट राइट मिलेट्स मेले में जागरूक किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों ने लोगों को मोटा अनाज उत्पादन और खाने की प्रेरणा दी।
चित्रकूट, अमृत विचार। जनसेवा इंटर कालेज सभागार में शुक्रवार को ईट राइट मिलट्स मेले का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों ने लोगों को मोटा अनाज उत्पादन और खाने की प्रेरणा दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि मोटा अनाज खाने से बीमारियां नहीं होती हैं। आधुनिक युग में लोग इनको भूल गए हैं और यही वजह है कि बीमारियों से ग्रस्त हैं। सरकार ने लोगों को मोटे अनाज के प्रति जागरूक करने की मंशा से वर्ष 2023 को श्रीअन्न वर्ष घोषित किया है। पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र ने पुराने दिनों को साझा किया, जब ज्वार-बाजरे की रोटी बनती थी।
मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि मोटा अनाज खाने से पेट साफ रहेगा। चेहरे पर चमक आएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, अपर जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह आदि ने भी लोगों को मोटा अनाज खाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर विभागों व निजी संस्थानों, होटल मालिकों ने मोटे अनाज से बने व्यंजनों के स्टाल लगाए। प्रेरणात्मक सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए। बच्चों ने नाटक किए। जादूगर प्रभाकर शुक्ला ने मोटे अनाजों के प्रयोग पर आधारित जादू दिखाए। संचालन शिक्षक साकेत बिहारी शुक्ला ने किया।
