Weather Update Today: बदले मौसम ने फिर बढ़ाई किसानों की परेशानी, 13 जिलों में अलर्ट, आगरा-नोएडा, बरेली में देर रात बूंदाबांदी, आज इन राज्यों में हो सकती है बारिश 

Weather Update Today: बदले मौसम ने फिर बढ़ाई किसानों की परेशानी, 13 जिलों में अलर्ट, आगरा-नोएडा, बरेली में देर रात बूंदाबांदी, आज इन राज्यों में हो सकती है बारिश 

नई दिल्ली। यूपी में मौसम के उलटफेर का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। लखनऊ में सुबह 6 बजे तेज बारिश हुई। तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। एक्सपर्ट का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते यूपी के मौसम में बदलाव हुए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्होंने ऐसा चक्रवती तूफान पहली बार देखा है। उन्हें अचानक तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं। अचानक मकानों के गिरने और लोगों की चीखने-चिल्लानें की आवाजें आने लगीं। एक घर में खड़ी ट्राली पलट गई, जबकि पेड़ दूर जा गिरे।

जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें ज्यादातर पश्चिमी यूपी के हैं। मौसम विभाग ने यहां तेज हवाएं चलने की संभावनाएं जताई हैं। प्रदेश में मार्च महीने में (24 मार्च तक) 20.03 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। झांसी 36 °C के साथ सबसे ज्यादा गर्म, तो कानपुर नगर 14 °C के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा है। लखनऊ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.1 °C और अधिकतम 31.2 °C दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, और अमरोहा के लिए अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। प्रदेश में कुछ पश्चिमी इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।

शुक्रवार देर रात बरेली, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर और आगरा समेत कई जगहों पर बारिश हुई। इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं भी चली। अगर शनिवार की बात की जाए तो लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20°C और अधिकतम तापमान 33°C दर्ज किया जा सकता है। 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, गाजियाबाद में भी आज बादल छाए रहेंगे। ​​​मौसम के बदले रुख से किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि खेतों में सरसों की फसल तैयार खड़ी है। तेज हवा के साथ बारिश व ओले गिरने से दलहन तथा तिलहन फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। वहीं गेहूं में बाली आ चुकी है। ऐसे में ओले पड़ने से इसे भी नुकसान पहुंच सकता है।

बरेली में शुक्रवार देर रात में बारिश हुई। शनिवार को बारिश होने के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक, बरेली और आस-पास के जिलों में 12 MM बारिश की संभावना है। शहर का न्यूनतम तापमान 17 °C और अधिकतम तापमान 26.5 °C रहने का अनुमान है। 12 किमी मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हालांकि, शनिवार सुबह धूप निकली है। इस बीच हल्के बादलों के साथ तेज धूप की वजह से दिन के तापमान तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अधिकतम पारा 33 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि रात का तापमान एक 14.6 डिग्री रहा।

दिल्ली और यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार को बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। उत्तर पश्चिम भारत के पश्चिम हिमालयन क्षेत्र में आज तूफान और बारिश के साथ ओले पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में आज गरज और चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। विदर्भ में बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ में 26 मार्च को ओले पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में पंजाब, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, तेलंगाना, उत्तराखंड, लद्दाख, दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में आज हल्की बारिश होने की उम्मीद है।

यहां हो सकती है बर्फबारी
वहीं, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट बर्फबारी होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आज हल्के बादल छाए रहेंगे।

पंजाब में चक्रवाती तूफान 
पंजाब के अबोहर में गांव बकैनवाला में चक्रवात ने 30 मकानों को नुकसान पहुंचाया। बागों में लगे पेड़ उखड़ गए और गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई। गिरे मकानों के मलबे के नीचे कई लोग दब गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। नौ लोग घायल हुए हैं।

तापमान में गिरावट
जम्मू कश्मीर में भी तेज वर्षा से तापमान में फिर गिरावट आई है। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ के उच्चपवर्तीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई।

उत्तराखंड में बारिश
उत्तराखंड में भी बारिश हुई है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से शुक्रवार को नैनीताल में तेज बारिश हुई। बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 10 बकरियों की मौत हो गई। अल्मोड़ा में बूंदाबांदी हुई। बिहार में तेज हवा, बारिश और प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन अभी चल ही रहा है कि मौसम विभाग ने दो दिन बाद फिर बारिश की भविष्यवाणी की है। बता दें, बिहार में 17 से 21 मार्च के बीच तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से बिहार में 16531 हेक्टेयर खेत में लगी फसल की क्षति का प्रारंभिक आकलन किया गया है।

ये भी पढ़ें : Chaitra Navratri 2023 Day 4 : चैत्र नवरात्रि का चौथा दिन आज, ऐसे करें मां कूष्‍मांडा की पूजा, जानिए पूजाविधि, भोग और मंत्र