कहीं आपकी गाड़ी पर भी तो नहीं लगा है फर्जी Fast Tag, अयोध्या में सामने आया बड़ा Fraud
लखनऊ जा रहा कार सवार हुए शिकार, विवाद पर बुलाई पुलिस
सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार। अगर आप भी अयोध्या से लखनऊ जाते समय एनएच 27 का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए है। दरअसल इस रोड पर टोल प्लाजा के आसपास फर्जी फास्टैग कार्ड बेचे जाने का मामला सामने आया है। हाईवे से गुजरने वालों को तगड़ा चूना लगाया जा रहा है। यही नहीं फर्जी टैग लगाने वाले पैसे लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं। गुजरे शुक्रवार को तहसीनपुर टोल प्लाजा के पास भी ऐसा ही मामला सामने आया। विवाद बढ़ने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फास्टैग बेचने वाले से कार चालक का पैसा वापस कराया।
रौनाही टोल प्लाजा तहसीनपुर के इर्द गिर्द हाइवे के दोनों तरफ 500 मीटर की दूरी में फ़ास्ट टैग व रिचार्ज बेचने वालों का मकड़जाल फैल रखा है। मनचाहा कमीशन लेकर यह टैग विक्रेता वाहन चालकों को अपना ग्राहक बनाते और फ़ास्टैग बेचते हैं। इनमें कुछ फर्जी टैग व रिचार्ज वाले भी शामिल होकर अब वाहन चालकों को अपना निशाना बना रहे है।
शुक्रवार की सुबह अयोध्या से लखनऊ जा रहा एक वाहन चालक इनका शिकार बना तो उसे दोगुनी रकम नकद देकर अपना वाहन टोल से बाहर निकालना पड़ा। वापस लौटकर शाम को आया तो टैग विक्रेता को पकड़ा और पैसे वापस करने को कहने लगा। इस दौरान बाकी टैग विक्रेता भी आ गए। विवाद बढ़ता देख कार चालक ने पीआरवी पुलिस बुला ली। इसके बाद तो न सिर्फ गोरखधंधे की पोल खुली बल्कि फास्टैग विक्रेता को दोगुना पैसा वाहन चालक को वापस करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने टैग विक्रेताओं को चेतावनी भी दी।
वर्जन-
जल्द ही सभी फास्टैग विक्रेताओं की वैधता की जांच होगी। फर्जी मिले तो केस दर्ज होगा और सभी टोल रेंज से दूर कराये जाएंगे।
- आशू भदौरिया, वरिष्ठ टोल प्रबंधक, तहसीनपुर, अयोध्या
ये भी पढ़ें -Yogi Sarkar के छह साल: बोले CM योगी- UP ने देश और दुनिया में एक नई पहचान बनाई है
