अयोध्या: कांग्रेस के हाथ जोड़ो अभियान को प्रशासन की अनुमति नहीं, कार्यक्रम स्थगित 

अयोध्या: कांग्रेस के हाथ जोड़ो अभियान को प्रशासन की अनुमति नहीं, कार्यक्रम स्थगित 

अमृत विचार, अयोध्या। जिला प्रशासन ने कांग्रेस पार्टी को रविवार को राम पैड़ी पर कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नहीं दी। पार्टी को दो माह तक चले हाथ जोड़ो अभियान का समापन समारोह राम की पैड़ी पर करना था। प्रशासन से अनुमति न मिलने के कारण जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिया  है ।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से आयोजित भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के बाद पार्टी की ओर से जनपद में हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया गया था। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने पहले चरण में अयोध्या नगर निगम के सभी 60 वार्डों में लोगों से संपर्क किया और पार्टी नेतृत्व की ओर से भरतीय जनता पार्टी के दावों तथा नारों की असलियत बयां करता पत्रक वितरित कर लोगों को जागरूक किया। ब्लाक और नगर पालिका तथा नगर पंचायत क्षेत्र में प्रदेश और प्रान्त के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हाथ जोड़ो कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दो माह से चल रहे इस अभियान के संपन्न होने के बाद पार्टी ने अभियान का समापन राम नगरी के सरयू तट स्थित राम की पैड़ी पर तय किया था। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर अनुमति के लिये प्रार्थना पत्र जिला प्रशासन को दिया था। 

शनिवार को पार्टी के जिला प्रवक्ता सुनील कुमार रानू ने बताया कि हाथ जोड़ो अभियान के समापन कार्यक्रम के लिये 26 मार्च रविवार को राम की पैड़ी पर कार्यक्रम प्रस्तावित था। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की अनुमति न मिलने के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें -बहराइच: सपा के राष्ट्रीय महासचिव का ग्राम प्रधान संघ ने जलाया पुतला