मुरादाबाद : नहीं मिले चिकित्सक, आठ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर किए कम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिले में मार्च के अंत तक 48 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का होना था संचालन, अब 40 सेंटरों पर मुहैया कराई जाएंगी स्वास्थ्य सेवाएं, 11 चिकित्सकों के साक्षात्कार की सूची शासन को भेजी

मुरादाबाद, अमृत विचार। इसे स्वास्थ्य विभाग की विफलता कहें या लापरवाही। कारण कोई भी हो लेकिन चिकित्सक और जगह न मिलने की वजह से जिले में आठ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कम कर दिए गए हैं। लिहाजा शासन ने 48 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के प्रस्ताव को निरस्त करते हुए सिर्फ 40 सेंटरों पर अप्रैल माह तक स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराए जाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग 11 चिकित्सकों ने साक्षात्कार के बाद सूची शासन को भेजी है।

जिला अस्पताल में भीड़ होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए काफी भागदौड़ करनी पड़ती है। इसी दबाव को कम करने के लिए दिसंबर माह में 15वें वित्त आयोग के तहत शासन से नगर निगम क्षेत्र में 48 नए हेल्थ वेलनेस सेंटर खोलने के लिए मंजूरी मिली थी। ताकि सर्दी खांसी जुकाम समेत ओपीडी में जांच के साथ गर्भावस्था व प्रसव संबंधी, एक वर्ष तक के शिशुओं संबंधी, बाल्यकाल एवं किशोरावस्था, परिवार नियोजन, गर्भ निरोधक साधन, सामान्य संचारी रोगों का प्रबंधन, गैर संचारी रोगों की जांच, बचाव एवं रोकथाम सहित मुख्य स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिक सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी। मंजूरी मिलने के बाद वार्ड में जगह चयन शुरू कर दिया। तीन माह में 37 किराये के भवन में होर्डिंग लगाकर कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन चिकित्सक मात्र 12 में ही तैनात है। तीन माह में जगह नहीं मिलने के कारण शासन ने अब स्वास्थ्य विभाग को 48 की बजाय 40 सेंटर खोलने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

यह है मानक
15000-20000 हजार की आबादी और हर दो-तीन किलोमीटर के दायरे में एक केंद्र खोलना उद्देश्य है। सेंटर के लिए भवन में चार कमरे, शौचालय आदि की व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों को सेंटर में नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

यहां नहीं मिली जगह
लालबाग, मुगलपुरा, बरबालान, वारसी नगर, लाजपत नगर, गांधीनगर आदि।

जल्द सभी सेंटरों के लिए स्टाफ मुहैया होगा
अब 48 की जगह 40 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। 16 मार्च को 11 चिकित्सकों के साक्षात्कार हुए हैं। शासन को सूची भेजी गई अनुमति मिलने के बाद नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती शासन स्तर से की जानी है। उम्मीद है कि जल्द सभी सेंटरों के लिए स्टाफ मुहैया होगा।-डॉ. एमसी गर्ग, सीएमओ

ये भी पढ़ें :  Chaitra Navratri 2023 : शक्ति, सृजन की प्रतिमूर्ति है नारी, शिक्षा से दें समाज को दिशा

 

 

संबंधित समाचार