रामपुर : वेद भारती आश्रम में चतुर्वेद शतकम परायण यज्ञ शुरू, वेद मंत्रों से गूंजा वातावरण

मिलक के क्रिमचा गांव में किशन शांति फाउंडेशन और भाग्योदय फाउंडेशन का संयुक्त प्रयास

रामपुर :  वेद भारती आश्रम में चतुर्वेद शतकम परायण यज्ञ शुरू, वेद मंत्रों से गूंजा वातावरण

रामपुर, अमृत विचार। मिलक के पास का क्रिमचा गांव शनिवार को चारों वेदों के मंत्रों से गुंजरित हो उठा। यहां किशन शांति फाउंडेशन एवं भाग्योदय फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से स्थापित होने जा रहे वेद भारती आश्रम में चतुर्वेद शतकम पारायण यज्ञ विधिवत शुरू हुआ। उत्तराखंड के रुद्रपुर से आए आचार्य विवेक वरुण के नेतृत्व में आचार्यों की टोली ने वेदमंत्रों के उच्चारण से वातावरण सुवासित हो उठा।

 वेद भारती आश्रम के कल्पना को मूर्त रूप देने वाले वरिष्ठ चिकित्सक एवं निर्वाण अस्पताल लखनऊ के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक डॉ. हरीश अग्रवाल ने बताया यज्ञीय पृष्ठभूमि पर विकसित हो रहा यह आश्रम अनेक आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के संचालन की योजना बना रहा है। किशन शान्ति फाउंडेशन और भाग्योदय फाउंडेशन द्वारा इस आश्रम का विधिवत संचालन किया जाएगा। भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं संस्थापक आचार्य राम महेश मिश्र ने ‘होता है सारे यज्ञ का कल्याण यज्ञ से, जल्दी प्रसन्न होते हैं भगवान यज्ञ से’गीत की पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा कि प्रकृति का कण-कण यज्ञ कर रहा है। इस देश में जब तक यज्ञ संपन्न होते रहे, तब तक यहां की धरा हर प्रकार से सुख और शांति का विस्तार करती रही। 
 
डॉक्टर हरीश अग्रवाल व शुभ्रा अग्रवाल तथा डॉ. हनु अग्रवाल व डॉ. आस्था अग्रवाल इस कार्यक्रम के मुख्य यजमान के रूप में आज उपस्थित रहे। उपाचार्य मयंक पाठक और उपाचार्य विशाल यादव ने आचार्य विवेक वरुण को यज्ञ संचालन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख अर्चना गंगवार, वरिष्ठ पत्रकार किशन लाल शर्मा, स्वामी दर्शनानंद, आर्य समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि ईश्वरी प्रसाद गंगवार, रवि प्रकाश रुहेला, हरिओम अग्रवाल, नत्थूलाल गंगवार, शुभांग प्रकाश गंगवार, देवेन्द्र अग्रवाल, अनुज शर्मा, राधेश्याम गुप्ता, महेश योगी, दर्शिता गंगवार, हरि शंकर दीक्षित आदि ने भी भागीदारी की। चतुर्वेद शतकम परायण यज्ञ का समापन रविवार को होगा।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता जाने पर गरजे कांग्रेसी, बोले- भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ होगी जंग