संभल : दीवार के मलबे में दबकर इकलौते बेटे की मौत, परिवार में मचा कोहराम
कच्ची दीवारों पर रखी लकड़ी की बल्ली पर झूलते समय हादसा, मलबे से बच्चों को निकालकर बबराला के अस्पताल ले गए ग्रामीण
संभल/जुनावई, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र में खेलते समय कच्ची दीवार गिरने से दो बच्चे घायल हो गए। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों ने मासूम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव पीर बहादुर निवासी वीर सहाय की कच्ची ईंटों की दीवार थी। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पड़ोस के कई बच्चे दीवार पर रखी लकड़ी की बल्ली पर बैठकर झूल रहे थे। इस दौरान अचानक कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई। ग्यारह वर्षीय अमन पुत्र अनिल कुमार और 10 वर्षीय मुशाहिद पुत्र बाबू खां मलबे में दब गए। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबा हटाकर दोनों बच्चों को निकाला।
घायल बच्चों को जुनावई में डॉक्टर को दिखाया। बाद में गंभीर हालत में बबराला के निजी अस्पताल ले गए। शनिवार तड़के अमन की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि मुशाहिद का उपचार किया जा रहा है। अमन गांव के परिषदीय स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने साकरा गंगाघाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : वेद भारती आश्रम में चतुर्वेद शतकम परायण यज्ञ शुरू, वेद मंत्रों से गूंजा वातावरण
