मेरठ: जेल में बंद प्रमुख से मिलने हथियार लेकर जाना पड़ा भारी, तीन गिरफ्तार
मेरठ, अमृत विचार। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में हस्तिनापुर के प्रमुख राजेंद्र से लाइसेंसी हथियार लेकर मिलने जा रहे तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। हालांकि, प्रमुख का बेटा मौके से भागने में सफल रहा। आरोपियों ने इस दौरान विरोध करने पर एक महिला पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की।
चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में शनिवार को तीन लोग जेल में हस्तिनापुर प्रमुख राजेंद्र से मिलने जा रहे थे। बताया गया है कि तीनों में से दो आरोपी हस्तिनापुर थाने के हिस्ट्रीशीटर है। इससे पहले जेल में अपनों से मिलने जा रही एक महिला ने तीनों को लाइसेंसी हथियार के साथ देख लिया तो विरोध किया। जिस, पर उन्होंने महिला पर फायरिंग कर जान से मारने का प्रयास किया। गोली चलने पर जेल में अफरा तफरी का माहौल उत्पन हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया और उनके पास से लाइसेंसी हथियार बरामद किए। वहीं, पुलिस के पहुंचने पर प्रमुख का बेटा मौके से भाग निकला। पुलिस का मानना है कि हथियार प्रमुख के पास पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था। सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया का कहना है कि आरोपियों के विरूद्घ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही पड़ताल की जा रही है कि तीनों हथियार लेकर जेल में क्यों जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- मेरठ: राम गोपाल यादव के बयान पर भड़के प्रधान, नारेबाजी कर फूंका पुतला
