सीजन के अंत में हैदराबाद एफसी के कोच पद से हटेंगे मनोलो मार्केज, कहा- पिछले तीन सीजन शानदार रहे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदराबाद। हैदराबाद फुटबॉल क्लब के मुख्य कोच मनोलो मार्केज 2022-23 सत्र के अंत में अपना पद छोड़ देंगे। हैदराबाद को 2021-22 सीज़न में इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) खिताब जिताने वाले स्पैनिश कोच ने अग्रिम रूप से क्लब छोड़ने के अपने फैसले की जानकारी दी। मार्केज अपना कार्यकाल समाप्त होने से पहले आगामी सुपर कप में हैदराबाद एफसी के साथ रहेंगे। 

हैदराबाद एफसी के मालिक वरुण त्रिपुरानेनी ने कहा, "मनोलो के तहत क्लब के पिछले तीन सीजन अविश्वसनीय रहे हैं। एचएफसी के सभी सदस्यों की ओर से मैं मनोलो को उनके अपार योगदान के लिये धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने क्लब को लीग में सर्वश्रेष्ठ में से एक बना दिया।" उन्होंने कहा, "मनोलो ने हमें उपयुक्त प्रतिस्थापन खोजने के लिये पर्याप्त समय देते हुए फरवरी की शुरुआत में ही क्लब छोड़ने के अपने फैसले की सूचना दी। यह क्लब के प्रति उनका सम्मान दिखाता है।

 मार्केज़ ने अपने फैसले के बारे में कहा, "हैदराबाद के साथ पिछले तीन सीजन शानदार और असाधारण रहे हैं। इसके लिये मैं क्लब के सभी सदस्यों को धन्यवाद देता हूं। सीजन अभी खत्म नहीं हुआ है। सुपर कप एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है जहां हम प्रतिस्पर्धा करना और जीतना चाहते हैं।

अगस्त 2020 में मार्केज के आने के बाद से एचएफसी ने पिछले तीन सत्रों में लगातार सुधार किया है। यह क्लब आईएसएल के 2020-21 सीजन में 29 अंक के साथ पांचवें स्थान पर , 2021-22 में 38 अंक के साथ दूसरे स्थान पर 2022 -23 में 42 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जो हैदराबाद एफसी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हैदराबाद एफसी मार्केज के प्रतिस्थापन पर विचार कर रहा है और सही समय आने पर इसकी घोषणा करेगा।

ये भी पढ़ें :  IPL 2023 : आईपीएल की शुरुआत में Ben Stokes का गेंदबाजी करना मुश्किल, जानिए क्यों? 

संबंधित समाचार