IPL 2023 : जयंत यादव ने की गुजरात टाइटन्स के टीम माहौल की सराहना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आईपीएल ऐसा टूर्नामेंट है जहां खिलाड़ियों पर काफी दबाव होता है और मुझे लगता है कि इससे हमें आईपीएल के साथ आने वाले दबाव को कम करने में मदद मिलती है

गुजरात। गुजरात टाइटन्स के ऑफ-स्पिनर जयंत यादव ने मौजूदा आईपीएल चैंपियन की सफलता का राज़ बताते हुए कहा कि टीम के कमरे का माहौल बेहद शान्त रहता है जिससे खिलाड़ियों को मानसिक मदद मिलती है। जयंत ने टाइटन्स के ऐप ब्रांड जीटी पर मंगलवार को जारी वीडियो में कहा, "टीम के कमरे का माहौल बेहद शान्त रहता है। इसका असर मैदान पर भी दिखता है।

आईपीएल ऐसा टूर्नामेंट है जहां खिलाड़ियों पर काफी दबाव होता है और मुझे लगता है कि इससे हमें आईपीएल के साथ आने वाले दबाव को कम करने में मदद मिलती है।” उन्होंने कहा, "अगर आप हमारी टीम का संयोजन देखें तो हर कोई किसी के साथ किसी न किसी तरह पहले भी खेल चुका है। जब आप (टीम के कमरे में) टीवी पर कोई रेस या फुटबॉल मैच देख रहे होते हैं तो घर जैसा सुरक्षित वातावरण महसूस होता है। हमने इस टीम के भीतर इसी संस्कृति को तैयार किया है।"

टाइटन्स ने पिछले साल आईपीएल में पहली बार हिस्सा लेते हुए ट्रॉफी जीत ली थी, हालांकि जयंत बीते कल के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे। उनका मानना है कि टाइटन्स को दोबारा सफल होने के लिये अपनी प्रक्रिया पर टिके रहना होगा। जयंत ने कहा, “जो हो गया सो हो गया। वह हमेशा रहेगा और हमें इसे याद करते हुए इसका आनंद लेते रहने की जरूरत है। हमें दोबारा जीतने के लिये अपनी प्रक्रियाओं पर टिके रहना होगा और साथ ही साथ हर चीज में उत्कृष्टता हासिल करने की कोशिश करने की प्रक्रिया को जारी रखना होगा।” गुजरात टाइटंस शुक्रवार को सीजन के पहले मैच में चार बार चैंपियन रही चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मुकाबला करेगी। 

ये भी पढ़ें :  'मुझ पर हमला करें...स्वतंत्रता सेनानियों पर नहीं' : भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना

संबंधित समाचार