लखनऊ: दहेज में 10 लाख न देने पर तोड़ा रिश्ता, बहन से की छेड़छाड़, केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ के चिनहट कोतवाली क्षेत्र में दहेज में 10 लाख रुपये देने की मांग से इनकार करने पर निजी बैंक कर्मी ने युवती से रिश्ता तोड़ लिया और उसकी बहन को घर बुलाकर छेड़खानी की। मामले को लेकर मटियारी निवासी छात्रा ने लालगंज निवासी निजी बैंक कर्मी अरविंद कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि बीएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। वर्ष 2022 में फेसबुक से उसकी पहचान लालगंज निवासी अरविंद से हुई थी। अरविंद ने बताया था कि वह आईसीआईसीआई बैंक में होम फाइनेंस विभाग में काम करता है।

अरविंद ने शादी का प्रस्ताव रखा तो युवती व उसके परिजन तैयार हो गए। इस बीच अरविंद ने नया घर खरीदने के लिए पैसे मांगे तो पीड़िता ने 2.80 हजार रुपये दे दिये। इसके बाद आरोपी ने 10 लाख रुपये और मांगे तो पीड़िता ने आर्थिक तंगी के चलते इनकार कर दिया। इसपर अरविंद ने रिश्ता तोड़ने की धमकी दी। इसके बाद बात करने के बहाने पीड़िता की बहन को अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ अभद्रता व छेड़खानी की। 

विरोध करने पर धक्का देकर भगा दिया। अंतत: पीड़िता ने अरविंद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। चिनहट कोतवाली प्रभारी आलोक राव ने बताया कि मंगलवार को युवती ने तहरीर दी है, जिसके आधार पर अरिवंद, उसके माता-पिता व उसकी बहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-मुख्यमंत्री योगी ने श्री राम नवमी पर प्रदेशवासियों दी की शुभकामनाएं, ट्वीट कर कहा- जय श्री राम!

संबंधित समाचार