गोंडा : 1700 किमी की दूरी तय कर रामलला का करेंगे दर्शन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। राम मंदिर निर्माण के बाद दर्शन करने के लिए 26 साल पहले खाई गई कसम को पूरा करने के लिए मुंबई से 250 कार्यकर्ताओं का जत्था गोंडा के रास्ते अयोध्या को रवाना हो गया। 1700 किलोमीटर की दूरी तय कर गोंडा पहुंचे थे। 

मुंबई के श्री राम सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 26 साल पहले राम मंदिर निर्माण होने पर कार्यकर्ताओं के साथ रामलला का दर्शन करने का संकल्प लिया था। मुंबई से श्रीराम सेवादल के करीब ढाई सौ कार्यकर्ता ट्रेन से यात्रा कर गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनके स्टेशन पर उतरते ही पूरा स्टेशन परिसर जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने के लिए कार्यकर्ता काफी उत्साहित थे।

रेलवे स्टेशन पर उतर कर बस स्टॉप तक पैदल चलकर कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के जोरदार नारे लगाए। श्रीराम सेवादल के कार्यकर्ता हाथों में बैनर लिए पैदल चल रहे थे। सभी श्रीराम सेवादल के कार्यकर्ता संगठन के नाम का एक जैसा टीशर्ट पहने हुए थे। जिसमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की हाथों में धनुष बाण लिए फोटो भी बनी थी।

श्री राम सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि मुंबई में श्रीराम सेवादल के नाम से संगठन चल रहा है। जिसमें वे लोग प्रतिवर्ष राम नवमी के अवसर पर जुलूस निकालते हैं। जुलूस में 3000 की संख्या में कार्यकर्ता भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि 26 साल पहले संकल्प लिया था। जब अयोध्या में भगवान श्री राम का राम मंदिर बनने लगेगा। हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ रामलला का दर्शन करेंगे। 28 मार्च को सुबह मुंबई से प्रस्थान किया था। आज गोंडा से सीधे अयोध्या कनक भवन में रुकेंगे। 

यह भी पढ़ें : नया रिकॉर्ड : रामनवमी पर 2.12 लाख श्रद्धालुओं ने किया रामलला का दर्शन

संबंधित समाचार