राहुल गांधी को सजा और सदस्यता जाना पूरे देश का बन गया मुद्दा : पीएल पुनिया
केंद्र सरकार पर कांग्रेस नेता ने डर पैदा करने का लगाया आरोप
कांग्रेस नेता ने कहा एनकाउंटर और बुलडोजर के बजाए पुलिस करे बेहतर कार्य
बहराइच, अमृत विचार। कांग्रेस नेता शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में बैठक के बाद प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता जाना अब पूरे देश का मुद्दा बन गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार लोगों में डर पैदा करने के लिए ऐसा कार्य कर रही है।
शहर के स्टीलगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को कांग्रेस नेता पीएल पुनिया पहुंचे। कांग्रेस नेता का पदाधिकारियों ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद पुनिया ने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। कार्यालय में कांग्रेस नेता ने पत्रकारों से वार्ता की।
कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार लोगों में भय व्याप्त करना चाहती है। ऐसे में महंगाई, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों से भटका कर राहुल गांधी की सदस्यता खत्म कर ध्यान इधर कर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सजा और सदस्यता जाना अब पूरे देश का मुद्दा बन गया है।
उन्होंने प्रदेश सरकार के कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुलडोजर से यह नहीं सुधरने वाला है। उन्होंने कहा कि जो असल दोषी हैं, उनके विरुद्ध कार्यवाई हो। लेकिन पुलिस द्वारा फर्जी मुठभेड़ और बुलडोजर चलवाकर नाम कमाना गलत है। ऐसे कानून व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। इस दौरान जिलाध्यक्ष जेपी मिश्रा, आदर्श अग्रवाल, शेख जकारिया शेखू, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अमरनाथ शुक्ला, मुकुंद शुक्ल समेत अन्य शामिल रहे।
यह भी पढ़ें : सेवानिवृत्ति हर अधिकारी, कर्मचारी के सेवाकाल का हिस्सा : अखिलेश द्विवेदी
