बरेली: वन विभाग और पुलिस ने पकड़ी 180 कुंतल खैर की लकड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रिछा(बरेली), अमृत विचार। देवरनिया पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापामार कर रिछा में एक गोदाम में खैर की लकड़ी भरे एक ट्रक का पकड़ा है। पुलिस ने चालक को भी गिरफ्तार किया है। जबकि गोदाम मालिक मौके से फरार हो गया है। वन विभाग की टीम के मुताबिक लकड़ी की …

रिछा(बरेली), अमृत विचार। देवरनिया पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापामार कर रिछा में एक गोदाम में खैर की लकड़ी भरे एक ट्रक का पकड़ा है। पुलिस ने चालक को भी गिरफ्तार किया है। जबकि गोदाम मालिक मौके से फरार हो गया है। वन विभाग की टीम के मुताबिक लकड़ी की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

मंगलवार रात करीब नौ बजे देवरनियां इंस्पेक्टर दयाशंकर को मुखबिर ने सूचना दी कि कस्बे के जावेद की गोदाम में एक ट्रक खड़ा है। उसमें खैर की लकड़ी भरी है। सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर ने वन विभाग की टीम को सूचित किया। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम संयुक्त रूप से जावेद के गोदाम पर पहुंची। वहां गोदाम में ट्रक खड़ा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।

इसी बीच वहां मौजूद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन वह भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम गुरमेद सिंह निवासी खटीमा उत्तराखंड बताया है। उसने बताया कि वह खटीमा से लकड़ी लेकर आया था। इसके बाद गोदाम में खड़ा कर दिया। गोदाम मालिक जावेद और एक अन्य व्यक्ति की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार ट्रक में खैर की 180 कुंतल लकड़ी है।

खटीमा से बरेली कैसे पहुंची लकड़ी
पीलीभीत होकर खटीमा की दूरी 89.4 किमी है। इतनी दूरी के बीच कई थाने और चौकियां पड़ती हैं। अधिकांश समय पुलिस हाईवे पर वाहनों की चेकिंग करती है। इसके बाद भी खैर से भरी लकड़ी का ट्रक खटीमा से रिछा तक पहुंच गया। कैसे यह एक सवाल है। रास्ते में चेकिंग के दौरान चालक और तस्कर ने पुलिस कर्मियों से सांठगांठ करके ट्रक को मुकाम तक पहुंचाया, लेकिन इससे पहले यह कत्था फैक्ट्री तक पहुंचता पुलिस और वन विभाग की टीम ने ट्रक को पकड़ लिया।

पहले भी होती रही है खैर की तस्करी
इससे पहले भी खैर की लकड़ी की तस्करी होती रही है। चालक ने बताया कि वह कई बार लकड़ी को ला चुका है। लेकिन इस पर किसी भेदिये ने पुलिस को सूचित कर दिया। जिस कारण लकड़ी पकड़ी गई।

“वन विभाग की टीम और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई करके ट्रक को जावेद के गोदाम रिछा से पकड़ा है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि जावेद और एक अन्य मौका मिलते ही भाग गए हैं। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। अन्य लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं। पूछताछ में पता चलेगा कि कौन कौन है शामिल।” -दयाशंकर इंस्पेक्टर देवरनिया

संबंधित समाचार