China Taiwan Conflict : ताइवान में चीन के 18 विमानों की गतिविधियों का पता चला है, रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी
ताइपे। ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में द्वीप के आसपास चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के 18 विमानों और चार जहाजों की गतिविधियां सामने आयी है। मंत्रालय ने ट्विटर पर कहा, ताइवान के आसपास आज सुबह 6 बजे पीएलए के 18 विमानों और चार जहाजों का पता चला। पहचान किए गये 10 विमानों ने ताइवान जलडमरूमध्य की तथाकथित मध्य रेखा को पार किया, जिसमें एक सीएच -4 यूसीएवी ड्रोन, दो शेनयांग जे-11 लड़ाकू जेट, दो चेंगदू जे-10 लड़ाकू विमान, चार शेनयांग जे-16 और एक लड़ाकू विमान एसयू-30 शामिल हैं।
मंत्रालय ने कहा कि उसने अपने विमानों, नौसेना के जहाजों और भूमि आधारित मिसाइल प्रणालियों को 'इन गतिविधियों का जवाब देने' का काम सौंपा है। तत्कालीन अमेरिका की हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी के अगस्त 2022 की शुरुआत में द्वीप का दौरा करने के बाद ताइवान के आसपास तनाव की स्थिति बढ़ गई।
बीजिंग ने पेलोसी की यात्रा की निंदा की और इसे उसने अलगाववाद के समर्थन के संकेत के रूप में माना। इसके बाद द्वीप के आसपास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास शुरू किया। इन सबके बावजूद, फ्रांस, अमेरिका और जापान सहित अन्य कई देशों ने तब से अपने प्रतिनिधिमंडलों को द्वीप पर भेजा। जिससे ताइवान जलडमरूमध्य में तनाव और बढ़ गया है।
ये भी पढ़ें : VIDEO : ईरान में हिजाब न पहनने पर दो महिलाओं पर फेंका दही, राष्ट्रपति बोले- हिजाब कानून है, इसका पालन करना जरूरी
