Jalaun News : मायके आई नवविवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला, फरवरी माह में हुई थी शादी
जालौन में मायके आई नवविवाहिता का फंदे पर शव लटका मिला।
जालौन के रामपुरा थानाक्षेत्र में मायके आई नवविवाहिता का फंदे पर शव लटका मिला। मृतका की 22 फरवरी 2023 को शादी हुई थी। एक दिन पहले ही ससुराल से महिला मायके आई थी।
जालौन, अमृत विचार। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम छौना में मायके आई नवविवाहिता का रविवार की सुबह संदिग्ध हालात में फांसी पर लटकता शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती छानबीन में मौत का कारण पता नहीं चला है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम छौना निवासी इंद्रजीत की बेटी अंजली की शादी बीते 22 फरवरी 2023 को ही जालौन कोतवाली क्षेत्र के गांव लौना निवासी गणेश से हुई थी। अंजली को एक दिन पहले ही उसका देवर मायके छोड़ गया था। रविवार को सुबह उसने घर में ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने जब उसका लटकता हुआ शव देखा तो उनमें चीख पुकार मच गई।
थाना प्रभारी राजीव कुमार वैश्य ने जानकारी देते हुए बताया सुबह 10 बजे महिला के फांसी लगाने की सूचना उन्हें मिली थी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची और आगे कार्रवाई की गई है। युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके फांसी लगाए जाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ, जांच के बाद ही खुलासा हो पाएगा। उधर घटना की जानकारी से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर आ गए। लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
