मुरादाबाद : तिथियों का इंतजार, चुनाव लड़ने को दावेदार हैं तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगर निकाय चुनाव : मतदाता सूची में बढ़ी वोटरों की संख्या, नगर निगम में 4515 नए मतदाता बढ़े

मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची जारी होने के बाद अब तारीखों का इंतजार है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के लिए दावेदार राह देख रहे हैं। वहीं, नगर निगम के महापौर और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अंतिम आरक्षण फाइनल होने के बाद नये सिरे से आवेदन लेने के बाद ही प्रत्याशियों की घोषणा राजनीतिक दल करेंगे। महापौर का पद सामान्य के लिए घोषित होने पर दावेदारों की संख्या बढ़नी तय है। 

नगर निकाय चुनाव के लिए एक अप्रैल को जिला स्तर पर मतदाता सूची जारी की गई। इसमें मतदाताओं की संख्या नवंबर में जारी मतदाता सूची से बढ़ गई है। इसमें जिले में 9,38,424 की जगह मतदाताओं की संख्या बढ़कर 9,47,506 हो गई। इस प्रकार जिले में 9082 मतदाता बढ़ गए। अब इन नये मतदाताओं का रुख भी जीत हार में निर्णायक भूमिका निभाएगा। सबसे अधिक दारोमदार नये वोटर बनने वालों पर रहता है। क्योंकि यह युवा उत्साह जिस तरफ झुकता है उस तरफ जीत का भरोसा बढ़ जाता है। इसलिए दावेदार पुराने वोटरों से अधिक नये मतदाताओं को लुभाने पर अधिक समय देते हैं। क्योंकि यह न सिर्फ बूथों पर पहुंचकर मत देते हैं बल्कि चुनाव में प्रचार कर टेंपो भी हाई करने में भूमिका निभाते हैं। नगर निगम में भी नयी सूची के अनुसार 4515 वोटर  बढ़ने से कुल मतदाताओं की संख्या 6,73,843 हो गई है। 

दलों में महापौर के लिए नये सिरे से लिए जाएंगे आवेदन
2022 में भले ही निकाय चुनाव नहीं हो पाए, लेकिन आरक्षण के फार्मूले के हिसाब से महापौर का पद महिला के लिए घोषित होने के आधार पर सभी दलों में आवेदन लिए गए थे। अब यह सीट सामान्य हो गई है जिसमें कोई भी चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र है। इसलिए अब नये सिरे से आवेदन लेने के बाद ही दलों के प्रत्याशी घोषित होंगे। जिससे सबकी नजर टिकट मिलने पर लगी है। निवर्तमान महापौर से लेकर कई नये दावेदार भी अब अपने नाम को आगे बढ़ाने में लग गए हैं। सपा, बसपा, कांग्रेस में भी दावेदारों की संख्या अब बढ़नी तय है।

राजनीतिक दलों के कार्यालयों में बढ़ी हलचल
निकाय चुनाव की तारीख भले घोषित नहीं हुई है। लेकिन, सरकार द्वारा चुनाव जल्द कराने की मंशा दिखने पर इन दलों के कार्यालय जो आए दिन सूने रहते थे, पर रौनक बढ़ गई है। कभी बैठक तो कभी सामान्य चर्चा के लिए ही पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यालय में बैठ रहे हैं। भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा हर कार्यालय में सक्रियता बढ़ी है। वहीं, वार्डों में भी त्योहार की शुभकामना देकर एक दूसरे से मेलजोल बढ़ाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें :  पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रकरण : ललित की हिस्ट्रीशीट खोलकर गैंग पंजीकृत करेगी पुलिस

 

 

संबंधित समाचार