अयोध्या: 30 फीसदी मानदेय कटौती से भड़के कर्मी, कार्य बहिष्कार कर किया प्रदर्शन
अमृत विचार, अयोध्या। रोडवेज महकमें में तैनात आईटीआई और आउटसोर्सिंग कर्मी मानदेय में 30 फीसदी कटौती से भड़क गए हैं। आक्रोशित कर्मियों ने बुधवार को काम-काज ठप्प कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके चलते आपात प्रबंधन के लिए अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा। प्रबंधन आक्रोशित कर्मियों को समझाने-बुझाने और मामले का हल निकालने में जुट गया है।
नाराज रोडवेज महकमें के आईटीआई और आउटसोर्सिंग कर्मियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सेवा शर्तों के मुताबिक उन्होंने पूरे महीने काम किया, लेकिन अब जनवरी और फरवरी माह का मानदेय आया तो पता चला की मानदेय लगभग 30 फीसदी कम आया है। नियम के मुताबिक उन लोगों को 11 हजार 500 रूपये प्रतिमाह का भुगतान मिलना चाहिए, लेकिन दोनों माह का मानदेय भुगतान 8 हजार 500 रूपये की दर से ही आया है। इसको लेकर अधिकारियों से आपत्ति जताई गई और निदान कराने की मांग की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ तो मजबूर होकर सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार और प्रदर्शन का निर्णय लेना पड़ा। आईटीआई और आउटसोर्सिंग कर्मियों के कार्य बहिष्कार को लेकर आपात सेवाओं के लिए अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा। फोरमैन खुद रोडवेज बस का स्टेपनी बदलवाने में जुटे रहे।
कार्य बहिष्कार में शामिल नरेंद्र यादव का कहना है कि पूरे अयोध्या परिक्षेत्र में आईटीआई और आउटसोर्सिंग कर्मी प्रबंधन के इस कृत्य से प्रभावित हैं और कार्य बहिष्कार को मजबूर हैं। उनका कहना है कि एक तो उनको नियमित कर्मियों के समान कार्य और ड्यूटी के बावजूद बहुत कम भुगतान दिया जा रहा था और अब उसमें भी कटौती कर ली गई। प्रदर्शन में अंबुज वर्मा, राजकरन यादव, पंकज कुमार, जगदंबा, अनीता सिंह, संदीप कुमार, रंजीत पाल, नीरज मिश्रा, सीताराम, आनंद प्रताप,सुधीर, अनिल, रवींद्र कुमार, राज कुमार, अमित कुमार, सुधांशु, दिलशाद, दिलदार समेत अन्य शामिल हैं। इस बाबत सेवा प्रबंधक नीरज सोनकर का कहना है कि कर्मियों से बातचीत चल रही है।
ये भी पढ़ें -बाराबंकी: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सीज कराई बालू से ओवरलोड 28 ट्रक
