शाहजहांपुर: वनरक्षक की वर्दी पहनकर करता था ठगी, धरा गया
शाहजहांपुर, अमृत विचार। खुटार पुलिस ने वन विभाग में नौकरी दिलाने के बहाने ठगी करने वाले फर्जी वनरक्षक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए जालसाज ने खुटार क्षेत्र के एक व्यक्ति से उसके बेटे को नौकरी दिलवाने के बहाने तीन लाख रूपये की ठगी कर ली थी। जालसाज ने अपने दो और साथियों के …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। खुटार पुलिस ने वन विभाग में नौकरी दिलाने के बहाने ठगी करने वाले फर्जी वनरक्षक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए जालसाज ने खुटार क्षेत्र के एक व्यक्ति से उसके बेटे को नौकरी दिलवाने के बहाने तीन लाख रूपये की ठगी कर ली थी। जालसाज ने अपने दो और साथियों के नाम पते भी बताए हैं। जिनमें एक रिटायर वन दरोगा भी शामिल है। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गांव बुझिया तिकुनिया निवासी जालसाज फर्जी वनरक्षक सतनाम सिंह को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से नेम प्लेट सहित एक सरकारी वर्दी व जूता भी बरामद हुआ है। पूछताछ करने पर उसने खुद को वनकर्मी बताया, साथ ही एक नियुक्ति पत्र दिखाया जो कि एपी राय प्रभागीय वन अधिकारी अवध क्षेत्र लखनऊ के द्वारा एक दिसंबर 2018 को जारी हुआ है, उसमें सतनाम सिंह को वनरक्षक के पद पर वन प्रभाग खीरी उत्तरी मे तैनाती स्थल दर्शाया गया।
नियुक्ति पत्र को सत्यापित करने के लिए थानाध्यक्ष ने डीएफओ खीरी वन प्रभाग खीरी उत्तरी के मोबाइल नंबर 7376439902 पर जानकारी ली गई और उनके व्हाट्सएप पर नियुक्ति पत्र सत्यापन के लिए भेजा, तो उन्होंने बताया कि सतनाम सिंह का व्यक्ति उनके अधिकार क्षेत्र के अन्तर्गत नियुक्त नहीं है और न ही एक दिसंबर 2018 को एपी राय नाम के अधिकारी प्रभागीय वन अधिकारी अवध क्षेत्र लखनऊ मंडल के पद पर नियुक्त रहे। इससे स्पष्ट हुआ कि सतनाम फर्जी नियुक्त पत्र तैयार कर वन विभाग की वर्दी पहन कर लोगो को भ्रमित कर धन उगाही करता रहा।
पूछताछ में उसने बताया कि उसे यह नियुक्ति पत्र लखीमपुर खीरी के मैलानी मोहल्ला मस्जिदजई निवासी रिटायर्ड वन दरोगा साबिर अली ने दिया था। उसने थाना बंडा के हाथी वाली गोहिवा निवासी इसरार का नाम भी कबूल किया। पूछताछ में पता चला कि खुटार निवासी रामदास से उनके बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रूपये ले रखे हैं। पुलिस ने जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत आदि धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
