शाहजहांपुर: सिटी मजिस्ट्रेट की अगुआई में चला अभियान, जेसीबी से हटवाया अतिक्रमण
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शासन के निर्देश के बाद सड़कों पर फैले अतिक्रमण और अवैध टैक्सी स्टैंड के खिलाफ जिला प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश मिश्रा की अगुआई में बेरी पुलिस चौकी से राजघाट पुलिस चौकी तक सड़क किनारे तक फैला अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप काबिज लोगों को खदेड़ दिया गया। जेसीबी से दुकानों के सामने सड़क तक लगे बोर्डों को उखाड़कर जब्त कर लिया गया, वहीं सड़क तक रहे कई खोखे हटवाए गए। दुकानदार के सामने न आने पर खोखे को जब्त कर नगर निगम में रखने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती समेत एआरटीओ, यातायात पुलिस और इंस्पेक्टर चौक अपने दल बल के साथ मौजूद रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के पीछे मकसद सड़कों पर यातायात सुचारु करना है। जाम की समस्या का समाधान करना है। बताया कि नगर निगम कर्मचारियों के साथ सड़कों के किनारे खड़े ठेले और खोमचे वालों को हटा दिया गया है। टीम को देखकर खोचे दुकानदार खोखे में ताला डालकर चले गए। ऐसे खोखों को जेसीबी से उठवाकर नगर निगम में खड़ा करा लिया गया है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि अपना सामान दुकान के भीतर ही रखें। सड़क तक सामान फैलाया तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और सामान जब्त भी किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी है कि एक बार अतिक्रमण हटवाने के बाद भी यदि न माने तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर सीओ ट्रैफिक जगदीश लाल टम्टा ने बताया कि अतिक्रमण हटवाने के साथ ही अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान भी किए गए हैं। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में हटवाए जा रहे अतिक्रमण से हड़कंप मचा है। इस मौके पर एआरटीओ प्रवर्तन शशिभूषण पांडेय और इंस्पेक्टर चौक केबी सिंह आदि मौजूद रहे।
थाना प्रभारियों के साथ बैठक कल
सिटी मजिस्ट्रेट ने थाना प्रभारियों की बैठक गुरुवार को अपने कार्यालय में बुलाई है। उन्होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य सड़कों से अतिक्रमण हटवाना और पुन: अतिक्रमण न होने देना है। बताया कि अतिक्रमण के साथ ही अवैध टैक्सी स्टैंडों को भी हटवाया जाएगा।
शासन के निर्देश और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रतिदिन शाम चार बजे से साढ़े छह बजे तक नगर निगम, एआरटीओ और पुलिस के साथ अतिक्रमण हटवाया जा रहा है। लोगों से अपील की है कि सड़क किनारे अतिक्रमण न करें और जो अतिक्रमण हटवाया जा रहा है, उसे पुन: स्थापित न करें।- वेद प्रकाश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: इंटरलॉकिंग कार्य को लेकर डाउन और अप की रहेंगी 24 ट्रेनें निरस्त
