मेयर चुनाव: महिला सीट और नया ट्रेंड, महिलाओं को लुभाने को निर्मला सीतारमन का सहारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महिलाओं को लुभाने को निर्मला सीतारमन का सहारा

फिलहाल महिला सम्मान बचत पत्र योजना के फायदे गिनाएंगी 

महेश शर्मा

कानपुर, अमृत विचार। मेयर की महिला सीट होने के बाद पहली बार केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन चर्चा में होंगी। अबकी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाले बजट के प्रावधान निकाय चुनाव में चर्चा में होंगे जिनके सहारे महिलाओं के वोट बटोरे जाएंगे। कानपुर मेयर सीट पर कुल करीब 22 लाख मतदाताओं में करीब 49 प्रतिशत महिलाएं हैं जिन्हें भाजपा की तरफ लाने की शुरुआत कानपुर से हो गयी है। केंद्रीय बजट में घोषित महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र 2023 योजना बीते शुक्रवार से लागू हो गई है।

मोर्चा से जुड़ी महिलाओं का मानना है कि इससे आर्थिक लाभ के साथ ही उनका जुड़ाव भाजपा से होगा जिसका लाभ न केवल मेयर चुनाव में बल्कि लोकसभा चुनाव 2024 में भी मिलेगा। अमृतकाल के बजट केंद्र सरकार ने महिलाओं के लिए काफी कुछ किया है। जैसे केंद्रीय बजट में महिला सम्मान बचत पत्र योजना वन टाइम इनवेस्टमेंट स्कीम की बाबत महिलाओं को बताया जा रहा है। बताया जाता है कि लोकल चुनाव घोषणा पत्र में ऐसी स्कीमों को जोड़ा जाने की योजना है जो महिलाओं के फायदे की हैं। महिला सम्मान बचत पत्र योजना पर महिलाओं को मिलने वाले ब्याज 7.5 प्रतिशत के हिसाब से मिलेगा। यह बिल्कुल फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम की तरह है। इसमें बिना उम्र की सीमा के कोई भी लड़की या महिला निवेश कर सकती है। दो लाख रुपया जमा कर दिया तो हर साल 15 हजार रुपया मिलेगा। जमाराशि दो लाख रुपये से ज्यादा नहीं होगी। 

भाजपा की वरिष्ठ नेता पूनम कपूर कहती हैं कि पोस्ट आफिस की बचत योजनाओं से महिला सम्मान बचत पत्र योजना कहीं ज्यादा फायदा देती है। महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र एक बार की छोटी बचत योजना है जो दो साल के लिए है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि इसे मार्च 2025 तक दो साल की अवधि के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। कम से कम एक हजार रुपया और अधिकतम दो लाख रुपये तक की राशि जमा सुविधा देती है। जमा की तारीख से दो साल तक रकम ब्लाक रहेगी।

महिला मोर्चा (उत्तर) की अध्यक्ष सरोज सिंह का कहना है कि अमृतकाल बजट में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन ने महिलाओं के हित की बहुत सी योजनाएं घोषित की हैं जिन्हें महिलाओं के बीच हम लोग जाएंगे ताकि उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता बनीं रहे। उपाध्यक्ष अनीता चतुर्वेदी कहती हैं कि जमा की गयी तारीख से दो साल पूरे होने पर जमा परिपक्व हो जाएगा। खाताधारक खाता खोलने की तारीख से एक वर्ष की समाप्ति के बाद, एक बार जमा राशि का अधिकतम 40 प्रतिशत तक निकाला जा सकेगा। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के एनजीओ प्रकोष्ठ की मनीषा वाजपेयी कहना है कि कल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं तक ले जाना भी मोर्चा की जिम्मेदारी है जिसका निर्वहन किया जा रहा है। मोर्चा प्रवक्ता शोभा शुक्ला ने बताया कि बजट में महिला कल्याण की योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुचाने का कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : अनुसूचित वर्ग के बुनकरों को मिलेंगी सरकारी सुविधाएं

संबंधित समाचार