Bahraich Breaking News : जंगल से निकले तेंदुए ने पांच लोगों पर किया हमला, मकान में हुआ कैद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हथिनी के साथ वन विभाग की चार टीम तेंदुए को पकड़ने में लगी

बहराइच, अमृत विचार। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग जंगल से सटे चहलवा गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुआ ने गांव निवासी महिला समेत पांच लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद वह ग्रामीण के मकान में घुस गया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पांच टीम लगाई है। साथ ही मकान को चारो तरफ से जाल से घेर दिया गया है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे गांवों में गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगली जानवर भी आबादी की ओर रुख करने लगे हैं। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे के आसपास एक तेंदुआ कतर्नियाघाट रेंज के चहलवा में मंगल पुरवा गांव में पहुंच गया। तेंदुआ ने नित्य क्रिया के लिए गई महिला रीता देवी (35) पत्नी हरिकेश पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण हाका लगाते हुए दौड़ पड़े। इस दौरान तेंदुए ने संजय पुत्र राम अवध, लालबहादुर पुत्र काशी, सहदेव पुत्र मुक्ति नारायण व संतोष पुत्र मुक्ति नारायण पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। सभी ने हाका लगाना शुरू किया जिससे तेंदुआ गांव में घुस गया। तेंदुआ गांव निवासी लक्ष्मण पुत्र जंगली के फूंस के मड़हे में घुस गया। जहां ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। 

सूचना पर पहुचे वन विभाग की टीम की ओर से वन दरोगा मयंक पांडे, वन रक्षक अब्दुल सलाम ने घायलों को इलाज के लिए पीएचसी सुजौली भेजा जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए सीएचसी मोतीपुर के लिए रेफर कर दिया गया। डीएफओ आकाशदीप वधावन ने बताया कि तेंदुआ को पकड़ने के लिए वन विभाग चार टीम लगाई गई है। मकान को जाल से घेर दिया गया है। हथिनी जयमाला और चंपा कली को भी मदद के लिए लगाया गया है।

ट्रेंकुलाइज की चल रही प्रक्रिया
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन ने बताया कि तेंदुआ एक मकान में घुस गया है। भीड़ एकत्रित है। भीड़ कम करने के बाद उसे ट्रेंकुलाइज करने की प्रक्रिया की जायेगी। हो सकेगा तो तेंदुआ को जंगल की ओर खदेड़ दिया जायेगा।

ये भी पढ़ें - UP News : BJP का स्थापना दिवस आज, लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में CM योगी ने फहराया झंडा

संबंधित समाचार