बरेली: आज से कई ट्रेनें निरस्त, यात्रियों का मुश्किल हाेगा सफर
त्रिवेणी, राज्यरानी, उपासना, समेत एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें निरस्त
बरेली, अमृत विचार। रेलवे प्रशासन ने करीब एक सप्ताह तक कई ट्रेनों को डायवर्ट और 24 ट्रेनों को निरस्त किया है। शनिवार से ही कई ट्रेनों को निरस्त और डायवर्ट कर दिया गया लेकिन रविवार को यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी। बंथरा रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त लूप लाइन और रसुईया स्टेशन पर लंबी लूप लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इसके तहत इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग आदि कार्य किए जाएंगे, जिसकी वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।
शनिवार को 14307 प्रयागराज-बरेली संगम एक्सप्रेस, 15909 अवध असम एक्सप्रेस, 14235 वाराणसी बरेली, 14236 बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस, 14307 प्रयागराज बरेली एक्सप्रेस, 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 12327 उपासना एक्सप्रेस, 14308 बरेली प्रयागराज एक्सप्रेस, 14512 नौचंदी एक्सप्रेस, 12328 उपासना एक्सप्रेस समेत करीब एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी।
वहीं रविवार को इससे अधिक ट्रेनें निरस्त रहेंगी। 15075 शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस शनिवार को परिवर्तित मार्ग शाहजहांपुर-पीलीभीत के रास्ते चलाई जाएगी यह ट्रेन बरेली जंक्शन नहीं आएगी। आने वाले लगभग एक सप्ताह तक ट्रेनों का यही हाल रहने वाला है। इसलिए अगले सात दिन तक अगर आप ट्रेन से सफर करना चाहते हैं तो एक बार चेक जरूर कर लें।
नहीं चलाई गई बरेली रोजा पैसेंजर
शुक्रवार को रसुईया और बंथरा में ब्लॉक के चलते 04380 बरेली रोजा पैसेंजर को बरेली जंक्शन से नहीं चलाया गया। यह ट्रेन 7 से 12 अप्रैल तक निरस्त की गई है। इसके अलावा 04379 रोजा बरेली पैसेंजर का संचालन शनिवार को रोजा से नहीं किया जाएगा। यह ट्रेन 8 से 13 अप्रैल तक निरस्त की गई है। वहीं शुक्रवार से 14235 वाराणसी बरेली एक्सप्रेस का भी संचालन निरस्त करने का ऐलान रेलवे ने किया था, लेकिन यह ट्रेन पहले से ही रद चल रही थी।
यह भी पढ़ें- बरेली: रंजिश के चलते घर में लगाई आग, एसएसपी से की शिकायत
