बरेली: भाजपा के जिला मंत्री, एसटीएफ और नारकोटिक्स के तीन कर्मचारियों पर रिपोर्ट
बदायूं का रहने वाला है आरोपी, नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों से मिलकर एक व्यक्ति से हड़प लिए थे रुपये
बरेली, अमृत विचार। बदायूं के भाजपा जिला मंत्री ने अपने ही गांव के एक व्यक्ति से नारकोटिक्स और एसटीएफ के अधिकारी से मिलीभगत करके 3.10 लाख रुपये ऐंठ लिए। जिला मंत्री की शिकायत पर नारकोटिक्स विभाग और एसटीएफ के कर्मचारियों ने नोटिस भिजवाया और फिर जब व्यक्ति नारकोटिक्स विभाग में पहुंचा तो उसकी शिकायत न सुनकर उसे ही गिरफ्तार कर लिया। व्यक्ति की पत्नी की शिकायत पर एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता, नारकोटिक्स विभाग और एसटीएफ कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
बदायूं के बिनावर क्षेत्र के गांव नाई निवासी भगवान देवी ने बताया कि 7 सितंबर 2022 को बरेली जिले के गांव मजनूपुर के एक व्यक्ति को नारकोटिक्स विभाग के दीपक शर्मा, विवेक उत्तम और एसटीएफ कर्मी जगवीर सिंह यादव ने गिरफ्तार किया था। व्यक्ति के पास से 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।
इसकी जानकारी गांव के भाजपा के जिला मंत्री प्रभा शंकर को लगी। प्रभा शंकर ने नारकोटिक्स विभाग के विवेक उत्तम, दीपक शर्मा और एसटीएफ के कर्मचारी जगवीर सिंह यादव से मिलकर उसके पति अजयपाल सिंह को 18 सितंबर 2022 को नोटिस भेजा। नोटिस मिलने पर अजयपाल अपनी बेगुनाही साबित करने लिए प्रभा शंकर के साथ 19 सितंबर 2022 को नारकोटिक्स विभाग के कार्यालय पहुंचे।
यहां वह कुछ कहते इससे पहले विवेक उत्तम, दीपक शर्मा और जगवीर सिंह ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और अफीम जैसी वस्तु अजयपाल को देकर फोटो और वीडियो बनाकर मारपीट की। इसी बीच प्रभा शंकर वर्मा ने पांच लाख रुपये में सौदा तय कर दिया था। प्रभा शंकर के कहने पर अजयपाल ने अपने परिजनों को फोन किया। भगवान देई ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर 3.10 लाख रुपये दे दिए।
तब रात को उनके पति अजयपाल को छोड़ा गया। इसकी शिकायत जब उच्चाधिकारियों से की, तब 23 सितंबर को दीपक शर्मा, विवेक उत्तम और जगवीर सिंह यादव ने दोबारा घर पर दबिश दी और महिलाओं के साथ मारपीट करते हुए शिकायत वापस लेने और दो लाख रुपये और देने को कहा। अजयपाल ने इसकी भी शिकायत बदायूं से लेकर बरेली के तक पुलिस अधिकारियों से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
तब अजयपाल ने बदायूं में प्रभाशंकर, दीपक शर्मा, विवेक उत्तम और जगवीर सिंह के खिलाफ वाद दायर किया। इसी वाद की तारीख लेने के लिए अजयपाल 24 नवंबर 2022 को बदायूं कोर्ट में पेश होने के लिए जा रहे थे। इसकी जानकारी प्रभा शंकर को थी, तब उसने आरोपियों द्वारा बिनावर के पास से पकड़वा दिया। जबकि आरोपियों नारकोटिक्स कर्मियों ने अजयपाल की गिरफ्तारी सिरोही थाना क्षेत्र से दिखाई और एनडीपीएस एक्ट में चालान करके जेल भेज दिया। अजयपाल तब से अब तक जेल में ही बंद हैं।
प्रभा शंकर वर्मा जिला मंत्री हैं। उनके खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। अभी जांच होनी है, जांच में दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ पार्टी स्तर से कार्रवाई की जाएगी---राजीव गुप्ता - जिलाध्यक्ष भाजपा बदायूं।
यह भी पढ़ें- बरेली: श्रद्धा के साथ मनाया गुड फ्राइडे, गिरिजाघरों में हुईं विशेष प्रार्थना सभाएं
