गाड़ी रोको! हम स्टेट GST से हैं, जल्दी कागज दिखाओ... डरा-धमकाकर ड्राइवर से मांगी रिश्वत, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के पनकी थानाक्षेत्र में एसजीएसटी की टीम बताकर रोका सीमेंट से भरा ट्रक।

कानपुर के पनकी थानाक्षेत्र में एसजीएसटी की टीम बताकर सीमेंट से भरा ट्रक रोका। युवकों ने कागज देखने के बाद धमकाकर रिश्वती मांगी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

कानपुर, अमृत विचार। गाड़ी रोको, हम स्टेट जीएसटी से हैं। जल्दी कागज दिखाओ...। पुलिस वर्दी में शामिल दो से तीन लोगों के साथ जब सिविल ड्रेस में मौजूद व्यक्तियों ने अधिकारी ढंग से सीमेंट से लदा ट्रक रुकवाया तो ड्राइवर घबरा गया। ड्राइवर से कागज मांगे और फिर रिश्वत। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तो वहीं एसजीएसटी के अधिकारियों में भी खलबली मच गई है।

पनकी थाना क्षेत्र के इस्पात नगर कूड़ाघर के पास हुई इस घटना में टीम के असली और नकली होने को लेकर भी जांच की जा रही है। सांवरिया इंटर प्राइजेज कोपेगंज के प्रबंधक नवीन डारोलिया ने बताया कि उनकी कंपनी पिछले तीस वर्षों से सीमेंट का थोक व्यापार कर रही है। शुक्रवार को करीब छह सौ बोरी सीमेंट को ट्रक से गजनेर के लिए भेजा गया। सुबह छह बजे ट्रक इस्पात नगर कूड़ा घर के पास पहुंचा तो एक बोलेरो गाड़ी में बैठे कुछ लोगों ने उसे रुकवा लिया। उन लोगों ने कहा कि हम लोग एसजीएसटी टीम से हैं। उनके साथ पुलिस की वर्दी में भी कुछ लोग थे।

उन्होंने ड्राइवर से कागज मांगे। कागज देखने के बाद उन्होंने उसे गलत बताया और गाड़ी सीज करने की चेतावनी दी। ट्रक चालक ने उन अधिकारियों से अपने मालिक से बात करने की गुजारिश की। इस पर उन्होंने कॉल कर बात की और फिर दस हजार रुपये की मांग की। चालक के पास इतने रुपये नहीं होने पर उन्होंने एक व्यापारी के माध्यम से ऑनलाइन वह रुपये भिजवा दिए। उसें बाद टीम ने उनकी गाड़ी छोड़ दी।

प्रबंधक का कहना है कि वह टीम फर्जी भी लग रही थी, इसलिए इसकी जानकारी एसटीएसटी के अधिकारियों से भी की है। इसके साथ ही पुलिस आयुक्त को भी इस घटना की जानकारी दी। एसएचओ विक्रम सिंह ने बताया कि अज्ञात में रिपोर्ट लिखी गई है, जांच की जा रही है।

अभी यह मालूम नहीं हुआ है कि वह एसजीएसटी के असली अधिकारी थे या फिर नकली। इसके लिए डिपार्टमेंट के अधिकारियों से भी जानकारी ली जाएगी। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।- निशंक शर्मा, एसीपी पनकी

 

संबंधित समाचार