बरेली: पट्टेदारों की सांठगांठ से बेच डाली सरकारी जमीन, आठ पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगर पालिका के राजस्व लिपिक की शिकायत पर कार्रवाई

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। फरीदपुर पुलिस ने पट्टेदारों की सांठगांठ और फर्जी कागजात तैयार कर सरकारी जमीन बेचने के मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में कई अन्य पर भी कार्रवाई की तलवार लटकी है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. नितिन गंगवार के अधीनस्थ राजस्व लिपिक महेंद्र पाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पालिका सीमा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित राजस्व ग्राम सराय में कुल क्षेत्रफल 0.2150 हेक्टेयर सरकारी जमीन हीरालाल, सुखलाल, बुद्धसेन, गंगादीन, राजेंद्र, जागनलाल मोहल्ला परा निवासी पट्टेदारों के रूप में दर्ज है, जिसे बेचने या खरीदने का किसी को अधिकार नहीं है, लेकिन इसे पट्टेदारों के मिलीभगत से खुर्द बुर्द करने के साथ बेच दिया गया।

27 फरवरी को एसडीएम पारुल तरार ने कानूनगो ओम प्रकाश, कस्बा लेखपाल सुभाष यादव से जमीन की पैमाइश कराई, जिसमें आठ लोग दोषी पाए गए। जांच में पता चला कि पट्टेदारों से सांठगांठ कर बिना स्वामित्व अधिकार के इस सरकारी जमीन को मोहल्ला मिर्धान निवासी नरेश पाल गुप्ता और सतीश चंद्र गुप्ता ने फर्जी कागजात तैयार कराकर बेच दिया।

पुलिस ने नरेश पाल गुप्ता, सतीश चंद और मोहल्ला परा निवासी हीरालाल, सुखलाल, बुद्धसेन, गंगादीन, राजेंद्र, जागन लाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि स्टाम्प बिक्री में भी गोलमाल किया गया है।

यह भी पढ़ें- बरेली: 12 को होने वाले पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को सफल बनाने की बनाई रणनीति, मुख्य अतिथि होंगे डिप्टी सीएम

संबंधित समाचार