अयोध्या में रामलला दरबार पहुंचे एकनाथ शिंदे, खुली जिप्सी में लोगों का किया अभिवादन
डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत मन्त्रिमण्डल के तमाम मंत्री मौजूद
अमृत विचार, अयोध्या। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अयोध्या पहुंचे एकनाथ शिंदे का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे शिवसैनिकों ने उनके अयोध्या की धरती पर उतरते ही जय श्रीराम के नारे लगाए। राम कथा स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने समर्थकों के साथ रोड शो करते हुए श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम लला का दर्शन करने पहुंचे हैं। इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित मंत्रिमंडल के कई मंत्री शामिल है।
इससे पहले शनिवार रात दो स्पेशल ट्रेन से तकरीबन 4 हजार शिव सैनिक अयोध्या पहुंचे। पहली ट्रेन 11: 30 बजे और उसके एक घंटे बाद अयोध्या धाम स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर उतरते ही शिवसैनिकों के जय श्रीराम के जयकारे से अयोध्या गूंजायमान हो गई। ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे शिवसैनिकों में साफ अपने नेता के स्वागत का भाव नजर आ रहा था। रविवार को जैसे ही शिंदे का हेलीकाप्टर अयोध्या पहुंचा शिवसैनिकों ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए।

रोड शो में उमड़े शिवसैनिक व पदाधिकारी
शिंदे रामकथा पार्क से खुली जिप्सी में लोगों का अभिवादन करते हुए रामलला का दर्शन करने पहुंचे। उन्हें देखने के लिए हर वर्ग के लोग पहुंचे। शिवसैनिकों और भारी सुरक्षा के बीच चल रहे शिंदे को देखने के लिए लोग अपनी छत पर आ गए। हर कोई ये नजारा मोबाइल में कैद करता दिखा।
आगे जिप्सी, पीछे 20 गाड़ियों का काफिला
शिंदे के रोड शो के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे। शिंदे समेत महाराष्ट्र के तमाम मंत्रियों व शिवसेना के पदाधिकारियों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने भी अफसरों की फौज उतार दी है। शिंदे के जिप्सी के आगे पीछे मिलाकर 20 गाड़ियों का काफिला चल रहा था।
