Mahoba News: दो पक्षों में जमकर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे चले, खेत में लोगों के गिरने से मची चीख-पुकार, 20 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में दो पक्षों में कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे चले।

महोबा के श्रीनगर थानाक्षेत्र में जमीनी विवाद में दो पक्षों में कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे चले। इसमें महिलाओं समेत 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

महोबा, अमृत विचार। जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर कुल्हाड़ी-लाठी डंडे चले। जिसमें बीस लोग घायल हो गए। पुलिस ने खून से लहूलुहान हालत में घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है। श्रीनगर थाने में दोनो पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। 

घटना श्रीनगर थाने के ग्राम बरा की है। ग्राम बरा निवासी किशोरीलाल के पिता की मौत हो जाने के बाद चालीस साल से किशोरीलाल का खेत पर कब्जा है। उसके चाचा देवल और ठाकुरदास ने उच्च न्यायालय इलाहाबाद से मुकदमा जीतने के बाद पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को कब्जा दिलाए जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था।

एसपी ने थानाध्यक्ष श्रीनगर को कब्जा दिलाने के आदेश दिए थे, लेकिन श्रीनगर पुलिस की टाल-मटोल के चलते अदालत के आदेश के बाद भी कब्जा न मिलने पर रविवार को देवल, ठाकुरदास, कमला, धमरदास, सुरेश खेत की फसल काटने पहुंचे। तभी दूसरे पक्ष के किशोरीलाल, अमृतलाल, किशन, देवीदीन, मोहन सहित कई लोग आ गए और फसल काटने का विरोध किया। 

फसल काटने को लेकर दोनो पक्षों में जमकर लाठी डंडो और कुल्हाड़ी चलने लगी। एक के बाद एक लोग घायल होकर जमीन पर गिरते गए। जिससे खेत में चीख-पुकार मच गई। किसी ने पुलिस को सूचना दी, तब तक दोनो पक्षों से बीस लोग घायल हो गए। कुछ ग्रामीणों ने बीच बचाव का प्रयास भी किया। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। श्रीनगर थानाप्रभारी गणेश गुप्ता का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

ये हुए घायल

पहले पक्ष से ठाकुरदास (55), कमला, धरमदास, सुरेश कुमार पुत्रगण ठाकुरदास, ममता पत्नी ठाकुरदास। केसरी पुत्री देवल, लखनलाल (25), देवल पुत्र मनिराम समेत नौ लोग घायल। दूसरे पक्ष से किशोरीलाल, किशन, शांति, रामकली, सियारानी, दुर्जन, देवीदीन, मोहन, रामसिंह समेत 11 लोग घायल हो गए।

संबंधित समाचार