बरेलीः वित्तमंत्री जी..! तो मेयर का टिकट पंजाबी समाज को दिलाएं, महानगर अध्यक्ष ने सुरेश खन्ना और बलदेव सिंह औलख से रखी मांग

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

खन्ना बोले- सुशासन और विकास के नारे के तहत आगे बढ़ रही है भाजपा सरकार, औलख ने की पंजाबी समाज से आगे आकर चुनाव में भूमिका निभाने की अपील

बरेली, अमृत विचार : नगर निकाय चुनाव में सिंधी, पंजाबी, खत्री और सिख समाज के मतदाताओं को भाजपा के पाले में लाने के लिए रविवार रात आयोजित प्रभावी मतदाता सम्मेलन में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भाजपा का साथ देने की अपील की तो पार्टी के महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने बरेली में मेयर का टिकट पंजाबी समाज को दिलाने की मांग कर डाली।

ये भी पढ़ें - बरेलीः शीघ्र कूड़ा कराएं समाप्त, लखनऊ के नोडल अधिकारी ने अमृत योजना सहित विकास कार्यों का लिया जायजा 

इससे सम्मेलन में मौजूद मेयर के टिकट के कई दावेदारों की धड़कन बढ़ गई। चौथी बार अनारक्षित घोषित हुई मेयर सीट पर चुनाव लड़ने के लिए निवर्तमान मेयर उमेश गौतम के अलावा 35 और लोगों ने दावेदारी ठोक रखी है। इनमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नजदीक रहने वाले शहर के कई डॉक्टरों के साथ कई कारोबारी भी शामिल हैं।

महानगर अध्यक्ष ने वित्तमंत्री सुरेश खन्ना, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख और सांसद संतोष गंगवार व विधायकों की मौजूदगी में मेयर का टिकट पंजाबी समाज के किसी दावेदार को देने की मांग की। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि संघर्ष हमारा सबसे बड़ा सम्मान है। इस समय हमारा नेतृत्व सक्षम और गतिशील होने के साथ आधुनिक सोच रखने वाला है।

हमारे पूर्वजों और स्वतंत्रता सेनानियों ने जो हिंदुस्तान बनाने का सपना देखा था, आज उन सपनों की तरफ हिंदुस्तान को ले जाया जा रहा है। भारत की धाक विदेशों में बढ़ी है। न्याय प्रक्रिया के तहत अयोध्या में श्रीराम मंदिर वहीं बन रहा है जहां नींव रखी गई थी। सुशासन और विकास के नारे पर सरकार आगे बढ़ रही है। अपराधियों को सजा दी जा रही है। पंजाबी समाज से चुनाव में भूमिका निभाने की अपील की।

राज्यमंत्री कृषि बलदेव सिंह औलख ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की कानून-व्यवस्था इतनी मजबूत हुई है कि अब अपराधियों को सुरक्षा लेनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सिंधी, पंजाबी, खत्री और सिख समाज के लोग निकाय चुनाव में भूमिका निभाएं और भाजपा को मजबूत करें।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार, ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा के साथ कई और वरिष्ठ नेताओं ने सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम में अनुपम कपूर, कुलदीप सिंह पन्नू, चिम्मन दास, गुलशन आनंद, संजय आनंद, डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. सीपीएस चौहान, अनिल सक्सेना, अधीर सक्सेना, पवन अरोड़ा, संजीव चांदना, दर्शन सिंह भाटिया, मालिक सिंह कालड़ा, रवि छाबड़ा, बंटी ठाकुर आदि मौजूद रहे।

डीएम से अनुमति मिलने के बाद सम्मेलन में पहुंचे वित्तमंत्रीः वित्तमंत्री सुरेश खन्ना शाम करीब पांच बजे सर्किट हाउस पहुंच गए थे। उन्होंने विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ निकाय चुनाव पर चर्चा की। करीब पांच बजे निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई।

इस पर वित्तमंत्री ने महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा से कहा कि अधिसूचना जारी हो गई, अब अनुमति लें तभी वह कार्यक्रम में जाएंगे। इस पर महानगर अध्यक्ष ने डीएम से फोन पर बात कर आनन-फानन अनुमति जारी कराई। इसके बाद वित्तमंत्री सम्मेलन में पहुंचे।

ये भी पढ़ें - बरेली: ट्रेन के एसी कोच में चार महिला यात्रियों के पर्स चोरी

संबंधित समाचार