रामपुर: गैस लीक होने से लगी आग, धमाके से फटा सिलेंडर, मकान क्षतिग्रस्त
हादसे में परिवार का मुखिया सहित नौ लोग घायल , सभी को अस्पताल में कराया भर्ती
रामपुर, अमृत विचार। गंज थाना क्षेत्र के बिलासपुर गेट इलाके की शाही कालोनी में शाम करीब चार बजे गैस लीक होने से रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। धमाके से पूरा मकान भरभराकर गिर गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौडे़। उन्होंने मकान में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। जिसमें नौ लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मौका मुआयना किया।
गंज थाना क्षेत्र के बिलासपुर गेट के मोहल्ला शाही कालोनी निवासी रियासत रिक्शा चालक है। शाम के समय रोजा इफ्तार के लिए उसकी पत्नी रुबीना खाना बना रही थी, कि गैस लीक होने के बाद सिलेंडर में आग लग गई।
इसके बाद परिजन बाहर आ गए, लेकिन कुछ देर के बाद रियासत अपने दो बेटों और पड़ोस में रहने वाले शराफत हुसैन के साथ घर में दोबारा से जाकर आग बुझाने लगे, तभी अचानक धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटते ही पुराना मकान भरभराकर गिर गया। लेंटर के नीचे नौ लोग दब गए। मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद शहर विधायक आकाश सक्सेना भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
यह लोग हुए घायल
1.रियासत अली पुत्र छुन्नू उम्र करीब 47 वर्ष 2.शाहजान पुत्र रियासत उम्र करीब 18 वर्ष 3. रिजवान पुत्र रियासत उम्र करीब 12 वर्ष तथा पड़ोसी 4. शराफत हुसैन पुत्र चुन्नू उम्र करीब 51 वर्ष 5.शाहनवाज पुत्र शराफत हुसैन उम्र करीब 30 वर्ष 6.सलीम पुत्र बदरुद्दीन उम्र करीब 55 वर्ष 7.अदनान पुत्र अंसार उम्र उम्र करीब 22 वर्ष 8.नसीर पुत्र पोती उम्र करीब 45 वर्ष निवासी शाही कॉलोनी बिलासपुर गेट, 9. नदीम राहगीर।
गैस लीक होने के बाद सिलेंडर में आग लग गई थी। आग बुझाने के दौरान सिलेंडर फटने से मकान भरभराकर गिर गया। मकान मालिक उसके दो बेटों समेत नौ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -लव सिरोही, इंस्पेक्टर गंज कोतवाली।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : फसल खराब होने के बाद कर्ज से चिंतित किसान की हृदय गति रुकने से मौत
