अयोध्या के स्वाजी की आवाज पर नाच रहा पंजाब, गायिकी में रामनगरी के एक और सितारे की बल्ले-बल्ले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। इंडियन आइडल 13 के विजेता ऋषि सिंह के बाद गायिकी में रामनगरी के एक और सितारे की बल्ले-बल्ले हो रही है। हम बात कर रहे हैं गुरुनानकपुरा निवासी 18 वर्षीय स्वाजी बावा की। स्वाजी ने एक के बाद एक सुपरहिट पंजाबी गाने गाकर पॉलीवुड में अपने सुरों से धमाका कर दिया है। सोशल मीडिया पर इनकी दिन-प्रतिदिन फैन-फॉलोइंग बढ़ती जा रही है। स्वाजी गीत-संगीत के जरिए न सिर्फ जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं बल्कि अयोध्या को विश्व फलक पर ले जाने की तैयारी में भी जुटे हैं। 

अयोध्या के प्रतिष्ठित व्यापारी बावा एजेंसीज के मालिक धनवीर सिंह बावा के पुत्र स्वाजी बावा ने अपनी मधुर आवाज से सभी को दीवाना बना देने की सोच से म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा है। बचपन से ही गीत-संगीत में रुचि रखने वाले स्वाजी बावा ने स्कूल और कॉलेज  में हर संगीत महोत्सव में भाग लिया। छोटी सी उम्र में ही अपना परचम लहराने वाले स्वाजी को तमाम पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है। 

स्वाजी अभी चंडीगढ़ स्थित नारसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से बीबीए कर रहे हैं। हाल ही में मुंबई में संपन्न हुए वायु यूथ फेस्टिवल में भाग लेते हुए स्वाजी ने खूब शोहरत बटोरी और अपने आने वाले गानों का प्रचार किया। पिता धनवीर सिंह बताते हैं कि चंडीगढ़ के सेक्टर 28 में भी उनका मकान है। स्वाजी वहीं रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। अयोध्या आते-जाते रहते हैं। उन्हें अब पंजाबी फिल्मों से भी ऑफर आने लगा है। 

ब्राउन मुंडा, क्रश और हे मिस जैसे हिट गाने दिए
स्वाजी ने प्रोफेशनल सिंगिंग करियर की शुरुआत धार्मिक गीत गुरपूरब से की थी, जो कि गुरुनानक जी की जयंती के उपलक्ष्य में नवंबर 2022 में रिलीज किया गया था। इसके बाद स्वाजी ने हिट पंजाबी गाने ( ब्राउन मुंडा, क्रश, हे मिस, फेरारी) सुपरहिट कंपोजर सुखपाल सुख के साथ ग्राउंड साउंड रिकार्ड्स लेबल से लांच किए। 

बहुत जल्द ही ये पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के यूथ आइकॉन और सेंसेशन मिक्स सिंह और जे-बी के साथ हिट गाने देने वाले हैं। क्लासिकल म्यूजिक में ट्रेंड स्वाजी बावा जगजीत सिंह, गुरदास मान साहब और दिलजीत दोसांझ को अपना आइडल और इंस्पिरेशन मानते हैं, लेकिन वह बीट्स और रोमांटिक गाना गाने को ज्यादा प्राथमिकता देते हैं। 

ऋषि और स्वाजी ने एक ही स्टूडियो से की थी शुरुआत 
इंडियन आइडल 13 के विजेता ऋषि सिंह और स्वाजी बावा ने अपने स्टूडियो म्यूजिक की शुरुआत अयोध्या के अविराज (अविनाश ) तिवारी के स्टूडियो से ही की थी। दोनों ही देश दुनिया में अब अयोध्या का नाम रोशन कर रहे हैं। स्वाजी 14 अप्रैल को वैशाखी के मौके पर ठुक द प्राइड गाना लांच करने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: प्रधान पुत्र ने लाभार्थी को वापस किया रिश्वत का रुपया, परियोजना निदेशक ने लगाई फटकार

संबंधित समाचार