Atiq Ahmed : बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से गुजरा अतीक का काफिला, चित्रकूट के मऊ थाने में पांच मिनट के लिए रोका गया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से अतीक अहमद का काफिला गुजरा।

बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से अतीक अहमद का काफिला गुजरा। स्थानीय पुलिस व मीडिया की रही कड़ी नजर रही। अभेद्य सुरक्षा घेरे में साबरमती से प्रयागराज पहुंचेगा।

बांदा, अमृत विचार। अतीक अहमद को साबरमती जेल से प्रयागराज के लिए कड़ी सुरक्षा घेरे में ले जाया जा रहा है । झांसी में कुछ देर रुकने के बाद काफिला बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दाखिल हुआ और जालौन, हमीरपुर, महोबा जनपदों से होते हुए बांदा की सीमा पर पहुकर उसका काफिला चित्रकूट होते हुए प्रयागराज की नैनी जेल के लिए रवाना हो गया। अतीक अहमद ने कहा कि माफियागिरी खत्म हो गई, अब पूरा परिवार बर्बाद हो गया।

गुजरात की साबरमती जेल से राजस्थान, मध्य प्रदेश की सीमाओं को पार करते हुए झांसी के रास्ते उत्तर प्रदेश की सीमा में दाखिल हुआ। झांसी में थोड़ी देर रुकने के बाद अतीक अहमद का काफिला बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर फर्राटा भरने लगा। यहां से जालौन, हमीरपुर और महोबा जिलों की सीमा से गुजरते हुए बांदा के मवई बुजुर्ग से गुजरे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर करीब दो बजे पहुंच गया। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर जगह जगह माफिया डॉन अतीक अहमद को देखने वालों का जमावड़ा लगा रहा।

हालांकि अतीक का काफिला गुरजने के मद्देनजर यहां पर पहले से स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा था और हर आने जाने वाले पर कड़ी नजर बनाए हुए थी। अतीक अहमद का काफिला बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर मवई बुजर्ग, महोखर, हथौरा, बिसंडा होते हुए भरतकूप से चित्रकूट जिले की सीमा में दाखिल हो गया और बिना रोक टोक के सीधे प्रयागराज के लिए रवाना हो गया। अतीक को उमेश पाल हत्याकांड में गुरुवार को प्रयागराज की सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।

मऊ थाने में अतीक को उतारा गया, पांच मिनट बाद रवाना   

माफिया अतीक अहमद को प्रयागराज जेल ले जा रही पुलिस का काफिला चित्रकूट पहुंचा तो लोगों में एक बार फिर उत्सुकता दिखी। जगह-जगह सड़क के किनारे खड़े लोग काफिले को गुजरते देखते रहे और आपस में इसे लेकर बातें करते दिखे।

प्रयागराज पश्चित सीट से पांच बार विधायक बने और चौदहवीं लोकसभा में फूलपुर सीट से सपा के टिकट पर चुने गए अतीक अहमद पर इस समय कई आपराधिक मामले चल रहे हैं। इन्हीं में से एक उमेश पाल हत्याकांड मामले में प्रयागराज कोर्ट में पेशी के लिए उसे बुधवार को गुजरात की साबरमती जेल से सड़कमार्ग से प्रयागराज ले जाया गया। इस दौरान अतीक को लिए पुलिस का काफिला बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से चित्रकूट पहुंचा। अपराह्न लगभग सवा तीन बजे ट्रेन की वजह से खोह रेलवे क्रासिंग बंद थी, जिससे लगभग दस मिनट तक वहां काफिला रुका।

इसके बाद मऊ थाने में भी कुछ देर को काफिला रोका गया। इस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतीक को नीचे उतारा गया। लगभग पांच मिनट के बाद यहां से काफिला मऊ शंकरगढ़ के रास्ते प्रयागराज के लिए रवाना हो गया। पिछली बार 27 मार्च को भी उसे प्रयागराज ले जाया गया था। उस बार की तरह इस बार भी उससे मीडियाकर्मियों की बात करने की कोशिश नाकाम रही।

संबंधित समाचार