राज्यमंत्री के दवाब में घुटने टेकते भाजपा पीलीभीत के लाचार संगठन को मैं इसी वक्त छोड़ता हूं...जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। क्रय विक्रय समिति के चुनाव में मतदान के दिन बीसलपुर में विधायक और संगठन की रार को लेकर सड़कों पर झड़प हुई। इसी बीच पीलीभीत से पार्टी के प्रत्याशी घोषित किए गए दुर्गाप्रसाद गंगवार के पुत्र अभिमन्यू गंगवार (भाजपा के सोशल मीडिया सेल के पूर्व जिला संयोजक) की व्हाट्सएप ग्रुप पर की गई पोस्ट ने खलबली मचा दी है। जिसमें राज्यमंत्री पर निशाना साधा गया है। इसकी वजह भी सीधे तौर पर पार्टी प्रत्याशी के विरोध में अपना प्रत्याशी उतारने को ही माना जा रहा है।

बीजेपी पीलीभीत सदर के नाम से संचालित हो रहे व्हाट्सएप ग्रुप में की गई पोस्ट से चुनावी माहौल और गरमा गया है। पोस्ट में लिखा कि अब से मेरे और राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के बीच के सारे रिश्ते खत्म। ईश्वर उन्हें सदबुद्धि प्रदान करें और चमचों, चापलूसों और चाटुकारों से बचाकर रखें।

यही नहीं, यह भी लिखा कि राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के दबाव में घुटने टेकते भारतीय जनता पार्टी पीलीभीत के लाचार संगठन को भी मैं अभी और इसी वक्त छोड़ता हूं। जो कार्यकर्ता व पदाधिकारी वाकई में संगठन के हितैषी हैं। छिपकर फोन न करें, खुलकर सामने आएं। मौजूदा परिस्थितियों पर गंभीरतापूर्वक विचार करें। अंत में सवाल उठाते हुए लिखा कि माननीय मोदी जी और योगी जी के विजन को साकार करने में हमारे जिला संगठन क्या योगदान है?
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इस तरह की किसी पोस्ट की जानकारी अभी मुझे नहीं लगी है। इसके बारे में पता कराया जाएगा। अभिमन्यु गंगवार भाजपा के सोशल मीडिया सेल के पूर्व में जिला संयोजक रहे है--- संजीव प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा।
यह भी पढ़ें- Pilibhit: 152 अतिसंवेदनशील बूथों पर पुलिस प्रशासन की अग्नि परीक्षा...खाका तैयार
