उन्नाव में बाइक सवार बदमाशों ने कार रुकवाकर अधिवक्ता को मारी गोली, हालत गंभीर
अमृत विचार, उन्नाव। जिले की गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कंचन नगर निवासी अधिवक्ता गुरुवार सुबह कार से उन्नाव कचहरी जा रहा था। तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने फोरलेन स्थित डीबीएस ग्राउंड के पास उसे रोककर गोली मार दी। जिस पर अधिवक्ता गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गोलीकांड की सूचना पर एएसपी व सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फिलहाल मामला संपत्ति विवाद का बताया जा रहा है।
कंचन नगर निवासी रवि गौतम पुत्र श्रीराम पेशे से अधिवक्ता है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह कार से उन्नाव कचहरी जा रहे थे। तभी फोरलेन स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और अधिवक्ता पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से अधिवक्ता गंभीर घायल हो गया। अधिवक्ता ने परिजनों को जानकारी दी। जिस पर उसका भाई मौके पर पहुंचा और घायलावस्था में उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोलीकांड की सूचना पर कोतवाल अवनीश सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

सूचना पर पहुंचे एएसपी शशि शेखर सिंह और सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने जांच की। इसे लेकर एएसपी ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही की जायेगी। फिलहाल घायल और उसके परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस जांच कर रही है, जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके आधार पर कार्यवाही की जायेगी। वहीं घायल के परिजनों ने संपत्ति विवाद में गोली मारने का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: मन्दिर में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
