छत्तीसगढ़: प्रियंका गांधी ने योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा लगायी गई प्रदर्शनी को सराहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जगदलपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भरोसे का सम्मेलन में योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जमकर सराहना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। श्रीमती वाड्रा ने इस मौके पर कहा कि बस्तर में बने उत्पाद बेहतरीन हैं। बस्तर का काजू, मिलेट्स से बनी चिकी और बिस्किट का स्वाद लाजवाब है।

ये भी पढ़ें - भाजपा ने 15 साल के शासन के दौरान भ्रष्टाचार कर लोगों को लूटने के अलावा कुछ नहीं किया : प्रियंका गांधी

यहां के लोग जितने अच्छे हैं उनकी कारीगरी भी उतनी ही बढ़िया है। बस्तर के लोग रिश्ता जोड़ना जल्दी जानते हैं। एक स्टॉल में एक महिला ने मुझे अपने हाथ से बनाई आइसक्रीम दी, लेकिन उन्होंने कहा कि दीदी आपको अभी मंच से बोलना है आप इसे मत खाइए नहीं तो आपका गला खराब हो जाएगा। ये आत्मीयता है बस्तर के लोगों की।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आज सरकार की मदद से बस्तर में बने उत्पादों को बाजार मिला है और कारीगरों को लाभ हो रहा है। मुख्यमंत्री बघेल ने श्रीमती वाड्रा को विभिन्न स्टॉल में लगे उत्पादों की जानकारी दी। एसएचजी की महिलाओं ने वाड्रा को कोसा की साड़ी भेंट की। आमचो बस्तर स्टॉल में श्रीमती वाड्रा ने मिट्टी एवं तांबे के बर्तन की ढलाई करते कारीगरों से बात की।

उन्होंने मनवा नवानार स्टॉल पर बस्तर में राज्य सरकार के विश्वास, विकास और सुरक्षा की उपलब्धियों को सराहा। वाड्रा ने बस्तर फाइटर्स की महिला जवानों से बात की और उनके साथ फोटो खिंचवायी। प्रदर्शनी में बस्तर संभाग के जिलों द्वारा जिले में महिला समूहों द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों या नवाचार योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इसमें बस्तर जिले ने प्रदर्शनी में फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से बस्तर संभाग में नेहरू और गांधी परिवार की बस्तर संभाग में की गई यात्राओं को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

इसके अलावा बस्तर काॅफी उत्पादन एवं प्रसंस्करण तकनीक का जीवंत प्रदर्शन, बस्तर कलागुड़ी हस्तशिल्प द्वारा लकड़ी की नक्काशी, जिला प्रशासन के नवाचार थींक-बी से संबंद्ध माम्स फूड, पुलिस विभाग की सामुदायिक पुलिसिंग मनवा नवानार, टसर कोसा से धागाकरण एवं वस्त्र बुनाई, बस्तर फूड फर्म द्वारा महुआ की चाय और अन्य उत्पाद, वन विभाग के इमली और काजू प्रसंस्करण निर्माण का प्रदर्शन किया।

ये भी पढ़ें - बिरनपुर सांप्रदायिक हिंसा मामले में छह प्राथमिकी दर्ज, अब तक 11 गिरफ्तार