दुश्मनी भूलकर सऊदी अरब में सात वर्ष बाद खुला ईरानी दूतावास, दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें शुरू करने की जताई सहमति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तेहरान। सऊदी अरब के साथ ईरान के राजनयिक संबंधों की बहाली को लेकर एक समझौते के तहत राजधानी रियाद में सात वर्ष के अंतराल के बाद ईरानी दूतावास खोला गया है। सऊदी अरब के अखबार ‘ओकाज’ ने सूत्रों के हवाले से गुरुवार को यह जानकारी दी। 

ईरानी विदेश मंत्री होसैन अमीरअब्दोलहियान और सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद ने पिछले हफ्ते चीन में मुलाकात की और राजनयिक संबंधों की बहाली और राजनयिक मिशनों को खोलने की तैयारी से संबंधित एक समझौते पर हस्ताक्षर किये। दोनों विदेश मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने पर भी सहमति जतायी।

 रियाद में बुधवार को ईरानी प्रतिनिधिमंडल के आगमन की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद दूतावास का उद्घाटन हुआ। ईरानी विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब की राजधानी में ईरानी दूतावास और जेद्दा में वाणिज्य दूतावास खोलने की तैयारी के लिए मंगलवार को तेहरान से एक तकनीकी प्रतिनिधिमंडल रियाद भेजा।

 ईरान और सऊदी अरब चीन की मध्यस्थता से मार्च की शुरुआत में राजनयिक संबंधों को फिर से बहाल करने पर सहमत हुए, जो 2016 में शिया उपदेशक निम्र अल-निम्र को मृत्युदंड दिये जाने के बाद ईरान स्थित सऊदी अरब के राजनयिक मिशनों पर हमलों के बाद टूट गये थे।

ये भी पढ़ें:- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुए इमरान खान, चार मई तक बढ़ी अंतरिम जमानत

संबंधित समाचार