दिल्ली में अगले कुछ सप्ताह में चरम पर पहुंच सकते हैं कोविड-19 के मामले: डॉक्टर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने बृहस्पतिवार को आगाह किया कि अगले कुछ सप्ताह में दिल्ली में कोविड-19 के मामले चरम पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित एक शिशु को इस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, सात महीनों में पहली बार दिल्ली में बुधवार को एक दिन में संक्रमितों की संख्या 1,000 पार कर गई है। दिल्ली में संक्रमण की दर 23.8 प्रतिशत रही। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को कोविड के कुल 1,149 नये मामले सामने आये थे,,जबकि संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अस्पताल में मास्क लगाना अनिवार्य है। दो हजार बिस्तरों वाला यह अस्पताल दिल्ली सरकार के अंतर्गत शहर का सबसे बड़ा अस्पताल है। डॉ. कुमार ने कहा, ‘‘बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ है, ऐसे में हमें उनके लिए एहतियात बरतने की जरूरत है क्योंकि उनमें बुखार, खांसी-सर्दी, आंखों में संक्रमण और पेट के संक्रमण जैसे लक्षण नजर आ रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना वायरस का यह स्वरूप (एक्सबीबी.1.16) बच्चों को ज्यादा प्रभावित कर रहा है। हमारे अस्पताल में 18 दिन के शिशु को भर्ती कराया गया है और वह कोरोना वायरस से संक्रमित है।’’ डॉ. कुमार ने बताया कि अस्पताल में चार और बच्चे भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों और सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना सही है, वरिष्ठ नागरिकों को भी मास्क लगाना चाहिए। डॉ. कुमार ने कहा, ‘‘हम अगले एक-दो सप्ताह में कोविड के मामलों को चरम पर देखेंगे, और फिर उनमें गिरावट आने लगेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने अस्पताल में मरीजों, खासतौर से बच्चों के लिए पूरे प्रबंध किये है, क्योंकि संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है।’’

दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि सरकार स्थिति की समीक्षा कर रही है और स्कूलों के लिए दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है वहीं पिछले पखवाड़े में देश में H3N2 फ्लू के मामले भी बढ़े हैं। गौरतलब है कि कोविड महामारी की शुरूआत से अभी तक 16 जनवरी को पहली बार ऐसा हुआ जब देश में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई मामला नहीं आया। दिल्ली में कोविड के मामलों में वृद्धि के बीच चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस का नया स्वरूप एक्सबीबी.1.16 इस वृद्धि के लिए जिम्मेदार हो सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए टीके की एहतियाती खुराक (बूस्टर डोज) जरूर ले लेनी चाहिए। डॉक्टर कुमार ने कहा कि कोविड के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अस्पताल में कोविड के सिर्फ 10 मरीज भर्ती हैं, बाकि 440 बिस्तर अभी खाली हैं।’’

संबंधित समाचार