संभल : रेतीली जमीन पर लहलहा रही धान की फसल, 400 बीघा में हो रही खेती
अधिकतर किसान जून में करते हैं रोपाई, सितंबर में तैयार होती है फसल
(अमरपाल यादव) संभल, अमृत विचार। अधिकांश क्षेत्रों में सितंबर माह तक ही धान की फसल तैयार हो पाती है। लेकिन जिले के विकास खंड पंवासा के भूड़ क्षेत्र के गांव गौंहत में अजीब नजारा दिख रहा है। यहां करीब 400 बीघा जमीन में धान की फसल लहलहाने लगी है। हैरत की बात तो यह है कि जहां धान की खेती हुई, वह रेतीला क्षेत्र है।
खेत के खाली होने पर धान की फसल की तैयारी की जाती है। धान की रोपाई जून में होती है। सितंबर में फसल तैयार हो पाती है। गांव गौंहत के किसानों ने दूसरे राज्यों में समय से पहले धान की रोपाई होती देखी तो खुद भी कदम बढ़ा दिए। गौंहत के नरेश, बृजपाल, जुगल किशोर, शिवचरन, झांझन, प्रेमपाल, लायक सिंह आदि ने करीब 400 बीघा जमीन में मार्च में ही रोपाई करा दी। खेतों में अब धान की फसल लहलहा रही है।
बताते हैं कि किसी खेत में एक महीना तो किसी में 15 दिन की फसल हो चुकी है। किसानों का कहना है कि बिजली की समस्या के कारण नलकूप नहीं चलने पर जेनरेटर की व्यवस्था करते हैं, क्योंकि धान की फसल को भरपूर पानी की जरूरत होती है। बहरहाल, भूड़ क्षेत्र में करीब पांच माह पहले धान की फसल लहलहाने को लेकर नया प्रयोग माना जा रहा है। क्षेत्र के तमाम गांवों में नए तरीके से धान की खेती की चर्चा हो रही है। दूसरे किसान भी इससे आकर्षित होते दिखाई दे रहे हैं।
सरबती और बासमती धान की खेती
गांव गौंहत में किसानों ने इस बार नया प्रयोग करने के साथ ही अच्छी किस्म के धान की खेती की है। किसानों का कहना है कि सरबती और बासमती धान की खेती कर रहे हैं। बासमती धान विशिष्ट सुगंध के साथ ही स्वाद के लिए भी जाना जाता है। लोग इस किस्म को ज्यादा पसंद करते हैं। वहीं सरबती धान भी खूब पसंद किया जाता है।
दूसरी फसल की तैयारी करेंगे किसान
जिन किसानों ने समय से पहले धान की खेती की है, वह दूसरी फसलों की उम्मीद में हैं। किसानों ने कहा कि अगर धान की फसल जल्दी तैयार हो जाएगी तो बाजार में जाने पर धान का अच्छा मूल्य भी मिलेगा। वहीं खेतों के खाली होने पर दूसरी फसलों की तैयारी भी कर लेंगे।
रेतीली जमीन में धान की खेती समय से पहले की गई है। मैंने करीब 10 बीघा जमीन में धान की रोपाई की है। उम्मीद है समय से पहले फसल मिलेगी तो फिर दूसरी फसल की तैयारी की जाएगी।- लायक सिंह, किसान
ये भी पढ़ें:- संभल: एसडीएम ने पकड़ा मैंथा उत्पाद लदा वाहन, तीन गिरफ्तार
