देश में कोरोना संक्रमित 29 लाख के पार, रिकवरी दर 74 फीसदी से ऊपर
नई दिल्ली। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार समेत अन्य राज्यों में कोरोना का प्रकोप बढ़ने से गुरुवार देर रात तक संक्रमण के 65 हजार से अधिक नये मामले सामने आये एवं कुल संक्रमितों का आंकड़ा 29 लाख के पार हो गई। इसके साथ ही 962 मरीजों की मौत …
नई दिल्ली। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार समेत अन्य राज्यों में कोरोना का प्रकोप बढ़ने से गुरुवार देर रात तक संक्रमण के 65 हजार से अधिक नये मामले सामने आये एवं कुल संक्रमितों का आंकड़ा 29 लाख के पार हो गई। इसके साथ ही 962 मरीजों की मौत से मृतकाें की संख्या 55 हजार के निकट जा पहुंची। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर सुधरकर 74 फीसदी से ऊपर निकल गयी।
विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 67,083 नये मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 29,02,905 तथा मृतकों की संख्या 54,956 हो गयी है। स्वस्थ होने वालों की अपेक्षा नये मामलों की दर में निरंतर हो रही वृद्धि के कारण सक्रिय मामलों भी बढ़ते जा रहे हैं। आज 7,535 मरीज बढ़ने से सक्रिय मामले 6,93,930 हो गये।
कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच राहत की बात यह है कि इस दौरान 57,422 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों की आंकड़ा साढ़े 21 लाख को पार कर 21,53,490 पर पहुंच गया। इस प्रकार स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर आज बढ़कर 74.22 प्रतिशत पहुंच गयी बुधवार को यह 73.82 फीसदी थी। मृत्यु दर घटकर 1.89 फीसदी रह जाने से भी राहत मिली है।
राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 14,647 मामले सामने आये। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 9393, कर्नाटक में 7385, तमिलनाडु में 5986, उत्तर प्रदेश में 4824, पश्चिम बंगाल में 3197, ओडिशा में 2898, बिहार में 2451, केरल में 1968, पंजाब में 1741, दिल्ली में 1215 तथा गुजरात में 1175 नये मामले दर्ज किये गये।
कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 14,492 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या गुरुवार रात बढ़कर 6,43,289 पहुंच गयी। इसके साथ ही चिंता की बात यह है कि सक्रिय मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गयी है। राज्य में इस दौरान 12,243 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 4,59,124 हो गयी है। यानी मरीजों के स्वस्थ होने की दर 71 फीसदी से अधिक हो गयी है। इस दौरान 326 मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 21,359 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आंशिक वृद्धि के साथ 71.37 प्रतिशत पहुंच गयी जो बुधवार को 71.08 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर मामूली घटकर 3.32 प्रतिशत पर आ गई। चिंता की असली वजह यह है कि राज्य में आज सक्रिय मामलों में 2,078 की और वृद्धि दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,62,491 हो गई।
आंध्र प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 87,177 हो गए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 9,393 नये मामले सामने आने से आज कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,25,396 हो गयी है। इस दौरान 95 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 3001 पहुंच गया है। इस अवधि में 8,846 मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या सवा दो लाख के पार होकर 2,35,218 पहुंच गयी है।
कर्नाटक में कोरोना के 7,385 नये मामले सामने आने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या ढाई लाख को पार कर 2,56,975 हो गयी है। संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 1,70,381 हो गयी है और मृतकों की संख्या बढ़कर 4,429 हो गयी है और राज्य में सक्रिय मामले बढ़कर 82,149 हो गए हैं।
तमिलनाडु में कोरोना के 5,986 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,61,435 हो गयी है। इस दौरान 5742 मरीजों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त हुए लोगों की संख्या तीन लाख को पार कर 3,01,913 हो गयी है। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 53,283 हो गयी है। राज्य में इसी अवधि में 116 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 6,239 हो गयी है।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में सक्रिय मामले घटकर 48,511 हो गये हैं तथा इस महामारी से 2733 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,21,090 मरीज ठीक हुए हैं।
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के 1215 नए मरीज सामने आए जिसके बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,57,354 हो गई। इसी अवधि में 22 मरीजों की मौत हुई और कुल मौत का आंकड़ा 4257 हो गया। दिल्ली में कोरोना रिकवरी दर अब 90.13 फीसदी हो गई है।
सक्रिय मामलों में इसके बाद देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले बढ़कर 27,696 हो गए हैं तथा 2,634 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 98,789 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद बिहार का स्थान है, जहां यह संख्या कम हो कर 26,472 हो गयी है। राज्य में 574 लोगों की मौत हुई है जबकि 88,163 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं।
तेलंगाना में कोरोना के 21,509 सक्रिय मामले हैं और 729 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 75,186 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। गुजरात में सक्रिय मामले बढ़कर 14,356 हो गए हैं तथा 2,853 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 66,053 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
कोरोना महामारी से अब तक मध्यप्रदेश में 1171, राजस्थान में 915, पंजाब में 957, हरियाणा में 578, जम्मू-कश्मीर में 578, ओडिशा में 433, झारखंड में 278, असम में 213, उत्तराखंड में 187, केरल में 192, छत्तीसगढ़ में 168, पुड्डुचेरी में 137, गोवा में 126, त्रिपुरा में 65, चंडीगढ़ में 31, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 30, हिमाचल प्रदेश में 22, मणिपुर में 18, लद्दाख में 18, नागालैंड में सात, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में पांच, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो तथा सिक्किम में तीन लोगों की मौत हुई है।
