कानपुर: रिजवान सोलंकी व हाजी अज्जन की 29 करोड़ की संपत्तियां जब्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अचलगंज थाना क्षेत्र के अलुआपुर सरेसा गांव व जाजमऊ में जब्त हुई संपत्तियां

विशेष जांच दल जब्त कर चुकी गैंगस्टर आरोपियों की 65 करोड़ की संपत्तियां 

कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी के साथियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले वर्ष तीन जून को नई सडक़ पर हुई हिंसा और सपा विधायक द्वारा जाजमऊ में प्लॉट कब्जे को लेकर आगजनी करने के मामले में पुलिस गैंगस्टर आरोपियों की संपत्तियां जब्त करने का काम कर रही है। इस क्रम में विशेष जांच दल एसआइटी ने गुरुवार को उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र और जाजमऊ स्थित फ्लैट समेत करीब 29 करोड़ की संपत्तियां जब्त की। इससे पूर्व पुलिस गैंगस्टर आरोपियों की 65 करोड़ की संपत्तियां जब्त करने की कार्रवाई कर चुकी है।

डिफेंस कालोनी निवासी नजीर फातिमा का प्लॉट कब्जाने के लिए वहां बनी झोपड़ी में आग लगवाने के मामले में पुलिस ने सपा विधायक इरफान सोलंकी, उनके भाई रिजवान सोलंकी समेत आठ लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। पुलिस इस प्रकरण में अब तक 65 करोड़ की संपत्तियां जब्त कर चुकी है। संपत्तियां तलाश करने में जुटी एसआइटी ने उन्नाव अचलगंज थाना क्षेत्र के अलुआपुर सरेसा गांव में फतेहपुर के हिस्ट्रीशीटर एजाज उर्फ अज्जन के बेटे असद एजाज के नाम पर तीन बीघा भूमि चिह्नित की थी।

वहीं अन्य आरोपी विधायक के भाई रिजवान सोलंकी की पत्नी साहिना सोलंकी के नाम पर आशियाना कालोनी के ब्लॉक नंबर पांच में फ्लैट संख्या दो को चिह्नित किया था। पुलिस ने फ्लैट और जमीन जब्त की है। फीलखाना थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रिजवान सोलंकी की क्रेटा कार यूपी 78 जीपी 0013, दो असलहे रिवाल्वर और रायफल व एक्सिस बैंक में दो खाते भी शामिल हैं। रिजवान की कुल 75 लाख की संपत्ती जब्त हुई है।

वहीं नई सडक़ बवाल के मामले में फंडिंग के के आरोपी भन्नानापुरवा चमनगंज निवासी बिल्डर हाजी वसी, मुख्तार अहमद उर्फ मुख्तार बाबा, जिला-दो (डी-2) गैंग के अकील खिचड़ी और शफीक अहमद पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। जिसकी जांच बजरिया पुलिस कर रही है। एसआइटी ने अलुआपुर सरेसा गांव में ही वसी की फर्म और बेटे अब्दुल रहमान के नाम पर 27 बीघा भूमि चिह्नित की थी। जिसका गुरुवार को जब्तीकरण किया गया है। 

उन्नाव और जाजमऊ में गैंगस्टर आरोपियों की 29 करोड़ की संपत्तियां जब्त की गई है। आगे की कार्रवाई के लिए संपत्तियों को चिह्नित करने का काम जारी है ...आनंद प्रकाश तिवारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त।

यह भी पढ़ें:-उमेश पाल हत्याकांड: अतीक और अशरफ से 96 घंटों में पूछे जाएंगे 200 सवाल

संबंधित समाचार