Banda News : RSS कार्यकर्ताओं का पूर्ण गणवेश में पथ संचलन, समर्थकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा से किया स्वागत
बांदा में आरएसएस कार्यकर्ताओं का पूर्ण गणवेश में पथ संचलन।
बांदा में आरएसएस कार्यकर्ताओं का पूर्ण गणवेश में पथ संचलन। समर्थकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया।
बांदा, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर ने शुक्रवार को शहर में पूर्ण गणवेश में पथ संचलन का आयोजन किया। कार्यक्रम राइफल क्लब मैदान से आरंभ हुआ और आरएसएस कार्यकर्ता पथ संचलन के साथ बाबूलाल चौराहा, खूंटी चौराहा, जिला पंचायत चौराहा, गूलरनाका, चौकबाजार, महेश्वरी देवी, रामलीला मैदान, स्टेशन रोड होते हुए पीली कोठी व ओवरब्रिज होते हुए पुनः राइफल क्लब मैदान में पहुंचे जहां पथ संचलन का समापन हो गया। पथ संचलन के दौरान समर्थकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर राष्ट्रीय स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख पूर्वी सुरेश ने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ की स्थापना डॉ.केशव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर में की थी। यही वह स्थान है जहां आगे चलकर भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहब अंबेडकर ने हजारों अनुयायियों के साथ में बौद्ध पंथ में दीक्षा प्राप्त की और नागपुर की भूमि दीक्षाभूमि के नाम से प्रसिद्ध हुई। दोनों डॉक्टरों की दवा एक ही थी।
सामाजिक समरसता संघ और बाबासाहेब के बीच वैचारिक समानता यह भी है, कि दोनों अखंड राष्ट्रवाद के पक्षधर रहे। डॉ.केशवराव बलिराम हेडगेवार का भी संकल्प था कि संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित कर राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाने में सभी का योगदान रहे। कार्यक्रम में जिला संघचालक जगन्नाथ पाठक, नगर संघचालक रामनाथ श्रीवास्तव, चित्रकूटधाम के विभाग प्रचारक मनोज, राजकुमार, अजय, जमुना प्रसाद, जिला प्रचारक अनुराग, नगर प्रचारक सचिन, जिला कार्यवाह श्यामसुंदर नगर प्रचार प्रमुख विष्णुदत्त द्विवेदी उपस्थित रहे।
