अयोध्या : जयंती पर लिया गया बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प
जनपद में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब की 132वीं जयंती, जगह-जगह आयोजित हुई प्रतियोगिता
राजनीतिक दलों के नेताओं ने पार्टी कार्यालय पर माल्यार्पण कर बाबा साहब को किया नमन
अयोध्या, अमृत विचार। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे जनपद में धूमधाम से मनाई गई। जगह-जगह लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। साथ ही उनके बताए गए मार्ग पर चलने का भी संकल्प लिया। वहीं राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीडा संकुल डाभासेमर में कर्पूरी ठाकुर वार्ड व पुरुषोत्तम नगर वार्ड की संयुक्त भाजपा कमेटी के संयोजन में बाबा साहब की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सांसद लल्लू सिंह व प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि लोगों को न्याय दिलाने के लिए बाबा साहब जीवनभर संघर्ष करते रहे। समस्याओं का सामना करते हुए उन्होंने शिक्षा पूरी की और आजादी की लड़ाई में शामिल हुए, संविधान निर्माता बनें। प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान लिखकर सभी को समानता का अधिकार प्रदान किया है, इसलिए भाजपा ने जयंती को समानता व शिक्षा दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया है।
पूर्व विधायक हुबराज कोरी ने कहा हम अपने बच्चों को शिक्षा देकर अंबेडकर के सपनों का भारत बना सकते हैं। क्षेत्रीय मंत्री कमलेश श्रीवास्तव ने कहा प्रदेश के मुखिया से मिलकर स्टेडियम में बाबा साहब की प्रतिमा लगाने की मांग करेंगे। इसके अलावा भाजपा के जिला महामंत्री राधेश्याम त्यागी, महानगर महामंत्री शैलेंद्र कोरी, मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, बाबूराम यादव ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन लाल शुक्ला ने किया। इस मौके पर संत प्रकाश कोरी, सुनील सेन, भगेलू कोरी, अनुराग त्रिपाठी, श्रीप्रकाश पाठक, नागेंद्र प्रताप सिंह,वरुण चौधरी, पुष्पेंद्र सिंह, धर्मेंद्र रावत, विश्व नाथ कोरी सहित अन्य मौजूद रहे।
वहीं समाजवादी पार्टी कार्यालय पर भी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके दिखाए गए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में भी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई।
समाज के उपेक्षित लोगों के लिए बाबा साहब ने किया जीवन पर्यंत संघर्ष : अखिलेश यादव
बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब ने जीवन पर्यंत समाज के उपेक्षित लोगों, किसानों व महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य किया। गोष्ठी की अध्यक्षता अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राम सागर रावत ने की। इस अवसर पर पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्र, राम अवध पासी, रामकरण कोरी, जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम, रेनू राय, रामचरित वर्मा, जितेंद्र पांडे, प्रेम कुमार पांडे, रामनरेश मौर्या, कंचन दुबे ,धर्मेंद्र सिंह फास्टर सहित कई मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : प्रयागराज : मकान की बालकनी गिरने से मां-बेटे की मौत, चार बच्चे गम्भीर
