Kannauj Accident: Agra Lucknow Expressway पर कार पलटने से दंपति की मौत, CM Yogi Adityanath ने हादसे पर जताया दुख
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कन्नौज में कार पलटने से दंपति की मौत हो गई।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कन्नौज में कार पलटने से दंपति की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, तिर्वा में ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों ने जाम लगा दिया।
कन्नौज, अमृत विचार। तालग्राम क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर डिवाइडर से टकरा कर कार पलट गई। घटना में दंपति की मौत हो गई जबकि चार भक्त घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद पीलीभीत के थाना पूरनपुर गांव सिमरा निवासी रामकिशन (40) व रामपाल (60) पुत्रगण पूरनलाल, चम्पा देवी (55) पत्नी रामपाल, धर्मेंद्र (35) पुत्र रामपाल, मुन्नी(35) पत्नी राम किराए पर कार लेकर गुरुवार को बागेश्वर धाम सरकार के दर्शन करने मध्य प्रदेश के जनपद छतरपुर गढ़ा गए थे। वहां से लौटते समय शनिवार तड़के उनकी कार तालग्राम थाना क्षेत्र में पहुंची। इसी बीच कार चालक नियंत्रण खो बैठा।
इससे कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। कार पीलीभीत जनपद के गांव कबीरपुर निवासी महरूमशाह पुत्र मदारीशाह चला रहा था। बागेश्वर धाम के दर्शन करने के बाद सभी लोग आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे होते हुए अपने घर जा रहे थे। कार तालग्राम थाना क्षेत्र में पहुंची तो चालक को झपकी आ गई। इससे वह स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा। फलस्वरूप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने रामपाल (60)पुत्र पूरन लाल को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं इलाज के दौरान घायल चम्पा देवी (55) पत्नी रामपाल ने भी कुछ देर के बाद दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायलों से नाम-पता लेने के बाद घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी होते ही इमरजेंसी वार्ड पहुंचे प्राचार्य डॉ.सीपी पाल ने उपचार संबंधी जानकारी ली। उधर जानकारी पर मृतकों के परिजन दोपहर बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। एक्सप्रेस वे पर हुई इस दुर्घटना को लेकर मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है।
ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत, परिजनों ने लगाया जाम
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी रामसजीवन (35) पुत्र दौलत सिंह मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। शनिवार की सुबह वह घर से मजदूरी करने के लिए निकला था और तिर्वा-कन्नौज मार्ग के किनारे अपने गांव के सामने वाहन की प्रतीक्षा कर रहा था। उसी समय कन्नौज की ओर से जा रहे ट्रक ने उसके टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। मौत की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। चालक फरार होने में कामयाब हो गया।
उधर, दुर्घटना की जानकारी पर परिजन व गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर पेड़ व कांटे डाल कर जाम लगा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे मार्ग के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर तिर्वा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया। ग्रामीण कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। मामले की जानकारी पर एसडीएम सदर पवन कुमार मीना, नायब तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह व कोतवाली प्रभारी सदर राजकुमार सिंह के अलावा ठठिया व अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम के आश्वासन पर परिजन व गांव के लोग मान गए और जाम खोल दिया। करीब दो घंटे तक जाम में फंसे रहे वाहन चालकों का गर्मी से बुरा हाल हो गया।
