गोंडा: हवा में पिस्टल लहराकर बना रहे थे रील, पुलिस ने दबोचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। लाइटर पिस्टल लेकर उसे हवा में लहराते हुए रील बनाने का शौक दो युवकों को भारी पड़ गया है‌। सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए इस विडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने दोनो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर उन्हे गिरफ्तार कर लिया है।  

कटरा बाजार थाना क्षेत्र के सरैया गांव के रहने वाले दो युवकों ने बाइक चलाते हुए लाइटर पिस्टल लेकर सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम व ट्विटर पर एक विडियो अपलोड किया था। विडियो में एक बाइक पर तीन युवक बगैर हेलमेट सड़क पर फर्राटा भर रहे हैं। उनमें से एक ने हाथ में पिस्टल ले रखी है और उसे हवा में लहराते हुए रौब जमाता दिखायी दे रहा है। 
वीडियो वायरल होने के बाद किसी ने असली शिकायत एसपी से कर दी।‌ 

पुलिस ने शिकायत‌ का संज्ञान लेकर वायरल विडियो की जांच की तो पता चला कि बाइक‌ सवार युवक कटरा थाना क्षेत्र के सरैया गांव के रहने वाले हैं‌‌। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली। जांच‌ में पता चला कि पिस्टल असली न होकर लाइटर है और इस नकली पिस्टल से रील बनाकर लोगों पर रौब जमाने का काम किया जा रहा था। 

कटरा बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि पकड़े गए युवकों का नाम अभय‌ सिंह व जय सिंह है‌। दोनों थाना क्षेत्र के सरैया गांव के मजरे गब्बीपुरवा के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना, कहा- भाजपा करती है जाति-धर्म के नाम पर लड़ने की साजिश

संबंधित समाचार