Banda News : दो दिवसीय इंटर स्कूल क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता संपन्न, विजेता और उप विजेता खिलाड़ी हुए पुरस्कृत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में दो दिवसीय इंटर स्कूल क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता संपन्न।

बांदा में दो दिवसीय इंटर स्कूल क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता संपन्न। इसमें अंडर-13 में वैभव व अंडर-17 मंं आयुष ने मारी बाजी। वहीं, विजेता और उप विजेता खिलाड़ी पुरस्कृत हुए।

बांदा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश शतरंज एवं स्पोर्ट्स एसोसिएशन व ऑल इंडिया शतरंज फेडेरेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय इंटर स्कूल क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता खत्म हो गई। दो वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बुद्धिकौशल का प्रदर्शन किया। अंडर-13 में तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वैभव शुक्ला व अंडर-17 में सेंट जेवियर्स स्कूल के आयुष सिंह अव्वल रहे। समापन पर विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 

अतर्रा स्थित तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित दो दिवसीय इंटर स्कूल क्षेत्रीय शतरंज टूर्नामेंट में बुंदेलखंड के बांदा समेत हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट व फतेहपुर विद्यालयों के लगभग 88 छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की। दूसरे दिन प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि रविकांत मिश्रा ने दीप प्रज्जवलन करते हुए किया। कहा कि शतरंज खेलने से बच्चों की मानसिक गतिविधियां, तार्किक एवं निर्णय लेने की क्षमता में बढ़ती है।

कार्यक्रम के अध्यक्ष व भागवत प्रसाद मेमोरियल अकादमी चेयरमैन अंकित कुशवाहा ने कहा कि शतरंज से जीवन में आगे बढ़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। प्रतियोगिता में तथागत ज्ञानस्थली अतर्रा के अलावा शांतिधाम स्कूल अतर्रा, श्रीजी इंटरनेशनल स्कूल कर्वी, भागवत प्रसाद मेमोरियल अकादमी, सेंट मेरीज सीनियर सेकेंडरी, सेंट जेवियर्स हाईस्कूल, विद्यावती निगम पब्लिक मेमोरियल स्कूल, रामरतन भुवनेश कुमार पब्लिक स्कूल कुलपहाड़, आरएस एक्सल इंग्लिश अकादमी फतेहपुर के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। अंडर-13 में तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वैभव शुक्ला अव्वल रहे। भागवत प्रसाद मेमोरियल अकादमी के जिगर सिंह उप विजेता रहे।

श्रीजी इंटरनेशनल स्कूल कर्वी के शाश्वत सिंह तृतीय रहे। अंडर-17 में सेंट जेवियर्स हाईस्कूल के छात्र आयुष सिंह ने बाजी मारी। इसी स्कूल के मयंक गौतम उप विजेता रहे। श्रीजी इंटरनेशनल स्कूल के आकाश जायसवाल तीसरे स्थान पर रहे। समापन पर विजेता और उप विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रावी यादव समेत अजय मिश्रा व तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार