Atiq Ahmed हत्याकांड के बाद Farrukhabad में पुलिस ने की गश्त, अधिकारियों की सोशल मीडिया पर रही नजर
अतीक अहमद की हत्या के बाद फर्रुखाबाद में पुलिस ने अलर्ट जारी किया।
अतीक अहमद की हत्या के बाद फर्रुखाबाद में पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों की गश्त की। डीएम, एसपी सड़क पर उतरे। अधिकारियों ने फोर्स के साथ रूटमार्च किया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। अतीक और अशरफ हत्याकांड के बाद शासन से अलर्ट जारी होते ही जिले में रात से अफसरों की गाड़ियों को हूटर बजने शुरू हो गए। डीएम, एसपी ने सड़क पर उतर पर फोर्स के साथ गश्त किया और वाहनों की चेकिंग कराई। संदिग्ध लोगों को रोक कर पूछताछ की गई।
संवेदनशील क्षेत्रों में रात मंथ गश्त करने के बाद पुलिस दूसरे दिन भी नजर रखे रही। एक साथ खड़े लोगों को घर जाने की नसीयत दी और धारा 144 का पालन करने के निर्देश दिए। दुकानदारों को भीड़ एकत्र न करने की हिदायत दी।
शनिवार रात प्रयागराज में अतीक और उसके भाई अशरफ की पुलिस सुरक्षा के बीच ताबड़तोड़ गोली चलाकर हत्या कर दी गई। इस घटना से सरकार ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया। शासन का फरमान आते ही जिलाधिाकरी संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा पुलिस फोर्स के साथ सड़क पर उतर आए। कादरीगेट, लालदरवाजा और मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में पैदल गश्त किया। मऊदरवाजा क्षेत्र के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया। शहर कोतवाल, कादरीगेट और मऊदरवाजा थानाध्यक्ष को शांत व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त करने के निर्देश दिए।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने रात में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। वाहनों में बैठे लोगों से पूछताछ की। रात में बाइक से निकल रहे लोगों को पुलिस ने रोक कर पूछताछ की। रात भर संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त करती रही। रविवार सुबह से ही शहर व ग्रामीण इलाकों के संवेदनशील क्षेत्रों पर पुलिस नजर रखे रही। पुलिस ने गश्त कर भीड़ लगाए लोगों को एक साथ खड़े न होने और धारा 144 का पालन करने के निर्देश दिए। दुकानदारों को हिदायत देते हुए कहा कि वह भीड़ का एकत्र न होने दे, अगर कोई संदिग लगे तो उसकी जानकारी पुलिस को तत्काल दी जाए।
दोपहर में डीएम, एसपसी ने अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति, एएसपी डॉ. संजय कुमार सिंह व अन्य अफसरों व पुलिस के साथ शहर में लालदरवाजा से मऊदरवाजा थाने तक रूटमार्च किया। उनके पीछे हूटर बजती हुई गाड़ियों का काफिला चलता रहा। मऊदरवाजा थाने पहुंच कर एअसो से क्षेत्र की जानकारी ली। फतेहगढ़ कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने फोर्स के साथ फतेहगढ़ में संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया। धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस नजर बनाए रखी।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जोनल सेक्टर तैनात किए गए हैं। पुलिस को अलर्ट जारी कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर कोई भड़काऊ पोस्ट व फोटो पोस्ट न करे। पुलिस को पूरे जिले में नजर रखने के लिए लगा दिया गया है। प्रशासन और पुलिस अफसर सभी जगहों पर नजर रखे हुए हैं।
सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर रखी गई नजर
अतीक व उसके भाई की हत्या के बाद शासन के आदेश पर जिले में प्रशासन ने भड़काऊ भाषण व पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर नजर रखी। पुलिस प्रशासन की ओर से इसको लेकर संदेश भी जारी किया गया। इसमें कहा गया कि व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्यूटर, इंस्ट्राग्राम, यूट्यूब आदि किसी भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म की जनपद प्रशासन व पुलिस सर्विलांस व साइबर टीमों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। सामाजिक सौहार्द एवं सद्भाव को प्रभावित करने संबंधी कोई भी भड़काऊ खबर, फोटो व अन्य सामग्री सोशल मीडिया पर न पोस्ट की जाए। कोई व्यक्ति किसी प्रकार का भ्रामक व आपत्तिजनक संदेश सोशल मीडिया पर पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
