Prayagraj Atiq Ahmed Murder News : चित्रकूट में अलर्ट मोड पर पुलिस-प्रशासन, अपर एसपी ने किया पैदल गश्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज घटना के बाद चित्रकूट में भी पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा।

प्रयागराज में तीन शूटरों ने अतीक और अशरफ की ताबड़तोड़ गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। हत्याकांड के बाद से चित्रकूट में पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। वहीं, अपर एसपी ने पैदल गश्त किया।

चित्रकूट, अमृत विचार। अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद जिले में भी पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में दिखा। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। इसके अलावा प्रयागराज आने जाने वाले वाहनों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला द्वारा अधीनस्थों को चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। 

शनिवार को प्रयागराज में एक अस्पताल के पास माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या के बाद जिले में भी पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। जिले में पहले से ही धारा 144 लागू है। शनिवार को देर शाम जैसे ही प्रशासन को घटना की जानकारी हुई, सुरक्षा व्यवस्था और मुस्तैद कर दी गई। पुलिस विभाग के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को हर छोटी बड़ी जानकारी और घटना पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

शनिवार और रविवार को प्रयागराज से आने जाने वाले वाहनों की विशेष चेकिंग की गई। इसके अलावा काली देवी चौराहे, ट्रैफिक चौराहे, एलआईसी तिराहे, पटेल तिराहे, शंभू बाबू पेट्रोल पंप, शंकर बाजार आदि जगहों पर पुलिसकर्मियों को हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुस्लिमबहुल और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल भ्रमण किया। इस दौरान धर्मगुरुओं और आम आदमी से बात की और अपील की कि सांप्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखें। इस दौरान उनके कोतवाल गुलाब त्रिपाठी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। 

विवादास्पद पोस्ट न करने की अपील

पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने लोगों से अपील की है कि वे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर या यूट्यूब आदि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किसी तरह की विवादास्पद पोस्ट न करें। जिला और मुख्यालय स्तर पर पुलिस की सर्विलांस–साइबर टीमों द्वारा चौबीस घंटे मानीटरिंग की जा रही है। एसपी ने अपील की कि सामाजिक सौहार्द्र और सद्भाव को प्रभावित करने संबंधी संदेश, खबर, तस्वीरें, वीडियो, आडियो, पोस्टर अथवा अफवाहों को प्रसारित करने से बचें। आगाह किया कि किसी व्यक्ति ने इस प्रकार की सामग्री को प्रसारित अथवा पोस्ट किया तो तत्काल संज्ञान लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार