अयोध्या निकाय चुनाव: कड़ी सुरक्षा के बीच निकायों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू, एसएसपी ने लिया जायजा
अयोध्या, अमृत विचार। नगरीय निकाय चुनाव के तहत दूसरे चरण के मतदान के लिए सोमवार से नामांकन पत्र दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन स्थलों पर बैरिकेडिंग कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेटल डिटेक्टर द्वारा जांच के बाद ही लोगों को निर्धारित नामांकन स्थलों पर प्रवेश दिया जा रहा है।
सोमवार को महापौर पद के लिए लिए सदर तहसील में होने वाले नामांकन को लेकर तहसील सदर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। यहां डीआईजी एसएसपी मुनिराज जी ने निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। हालांकि पहले दिन सोमवार दोपहर तक जिले के आठ निकाय क्षेत्रों से कहीं से भी नामांकन की सूचना नहीं है।
हालांकि नामांकन पत्र खरीदने को लेकर लोगों की जुटान हो रही है। जिले में कुल आठ निकाय हैं जिनमें एक अयोध्या नगर निगम और एक रुदौली नगर पालिका परिषद के अलावा नवसृजित कुमारगंज, मां कामाख्या, खिरौनी सुच्चितागंज और बीकापुर, गोसाईगंज व भरतकुंड भदरसा शामिल है। सभी निकाय क्षेत्रों को मिला कर कुल 169 वार्ड और 4 लाख 99 हजार 742 मतदाता हैं।
यह भी पढ़ें:-अतीक-अशरफ हत्याकांड की जांच के लिए UP पुलिस ने गठित की एसआईटी
