Banda News : 25 हजार हाई वोल्टेज लाइन के खंभे में चढ़ा विक्षप्त झुलसकर नीचे गिरा, …फिर दो घंटे तड़पता रहा
बांदा में 25 हजार हाई वोल्टेज लाइन के खंभे में चढ़ा विक्षप्त झुलसकर नीचे गिरा।
बांदा में 25 हजार हाई वोल्टेज लाइन के खंभे में चढ़ा विक्षप्त झुलसकर नीचे गिरा। 100 मीटर पर जीआरपी व आरपीएफ थाने, फिर भी वह तकरीबन दो घंटे तड़पता रहा।
बांदा, अमृत विचार। स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास आज अमानवीयता की घटना सामने आई। मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक सोमवार को चिलचिलाती गर्मी में रेलवे स्टेशन के पास बिजली से चलने वाली ट्रेनों के खंभे पर चढ़ गया। हाई वोल्टेज करंट के कारण वह झुलसकर नीचे गिरा और घंटों तड़पता रहा। वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने उसकी मदद का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उसे न तो अस्पताल पहुंचाया और न ही जीआरपी या आरपीएफ को इस घटना की सूचना दी। बाद में पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा।
बिजली से चलने वाली ट्रेनों को 25 हजार वोल्टेज की जरूरत होती है। यह करंट इंजन के ऊपर लगे एक यंत्र पेंटोग्राफ के जरिये इंजन तक आता है। डीसी हाई वोल्टेज करंट होने के कारण यह करंट किसी भी इंसान या पशु-पक्षी को तकरीबन एक मीटर से ही अपनी ओर खींच लेता है। सोमवार दोपहर चिलचिलाती गर्मी में कुछ ऐसा ही हुआ। एक अर्द्धविक्षिप्त युवक उस खंभे पर चढ़ गया और करंट के झटकों से बुरी तरह झुलसकर नीचे गिरा।
इस भयंकर गर्मी में वह लावारिस पड़ा देर तक कराहता रहा। लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा। यहां से जीआरपी व आरपीएफ थाने 100 मीटर से भी कम दूरी पर हैं। इसके बाद भी पुलिस समय से मौके पर नहीं पहुंची। यहां से गुजरने वाले लोगों ने वहां ठहरकर उसे सांत्वना देते हुए मदद का प्रयास तो किया लेकिन न तो इस घटना की पुलिस को सूचना दी और न ही स्वयं प्रयास करके उसे इलाज के लिये अस्पताल ही पहुंचाया।
तकरीबन दो घंटे बार पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने उसकी खबर ली और इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया। हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसकी जान पर बनी है। युवक शहर के मढ़ियानाका मोहल्ले का बताया जा रहा है।
